खेत में हल चलाकर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने दिया किसानों को आधुनिक खेती का संदेश

आनन्द प्रकाश गुप्ता
बहराइच। विधानसभा पयागपुर के विधायक सुभाष त्रिपाठी किसानों के बीच पहुंचकर खेत में स्वयं हल चलाते नजर आए। जानकारी के अनुसार वे लखनऊ से लौटकर अपनी विधानसभा के गुलरिया गाजीपुर में कटका मंडलाध्यक्ष राम निवास निषाद द्वारा आयोजित एसआईआर संबंधी बैठक में जा रहे थे। रास्ते में नकौड़ा गांव पड़ने पर वे अचानक रुक गए और खेत में काम कर रहे किसानों के बीच पहुंचते ही हल चलाने लगे। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर बेहतर उपज के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह दी और “जय जवान, जय किसान” का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि सुभाष त्रिपाठी एक बार एमएलसी रह चुके हैं तथा लगातार दो बार विधायक चुने जा चुके हैं। वे लंबे समय से संगठनात्मक कार्यों से जुड़े सक्रिय जनप्रतिनिधि माने जाते हैं।
इस पहल पर सामाजिक संस्था सद्भावना के फाउंडर अध्यक्ष योगेन्द्र मणि त्रिपाठी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ठाकुर हुकुम सिंह और पंडित भगवान दीन वैद्य के बाद सुभाष त्रिपाठी पहले ऐसे नेता हैं जिन्होंने वीआईपी संस्कृति से दूर रहकर खेत-किसान की ओर समाज का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि अंध आर्थिक दौड़ के दौर में विधायक द्वारा हल की मूठ पकड़ना राजनीतिक गलियारों के लिए एक उत्कृष्ट संदेश है।
किसानों ने भी विधायक के इस कदम की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधियों की ऐसी पहल से खेती और किसानों के मुद्दे प्रमुखता से सामने आएंगे।




