रायबरेली : स्कूल वैन पलटने से कई छात्र घायल, पुलिस जांच में जुटी

रिपोर्ट : विजय तिवारी
रायबरेली जनपद के हरचंदपुर-महाराजगंज मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक निजी स्कूल वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार कई छात्र घायल हो गए। जानकारी के अनुसार वैन में क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे और तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कुछ स्थानीय सूत्रों के मुताबिक सामने से आ रहे वाहन से बचने की कोशिश में भी हादसा होने की बात कही जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरचंदपुर ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद कुछ बच्चों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। प्रारंभिक जानकारी में 8 से अधिक बच्चों के घायल होने की बात सामने आई है, जबकि दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रायबरेली में आज (शुक्रवार) सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहाँ हरचंदपुर थाना क्षेत्र के हरचंदपुर-महाराजगंज रोड पर एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, वैन में करीब 20 छात्र-छात्राएँ सवार थीं, पुलिस मौके पर पहुँची, जांच कर रही है। चालक की लापरवाही और ओवरलोडिंग पर… pic.twitter.com/satE9zLaML
— Suryakant (@suryakantvsnl) February 20, 2026
स्थानीय पुलिस के अनुसार मामला संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी गई है और वाहन चालक की लापरवाही तथा ओवरलोडिंग के पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।




