Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

बहराइच में महाशिवरात्रि पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब, सिद्धनाथ व जंगलीनाथ मंदिरों में विशेष तैयारियाँ

बहराइच में महाशिवरात्रि पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब, सिद्धनाथ व जंगलीनाथ मंदिरों में विशेष तैयारियाँ
X


आनन्द गुप्ता /अनवार खाँ मोनू

बहराइच। भगवान शिव के पावन पर्व महाशिवरात्रि को लेकर जनपद भर के शिवालयों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण व्याप्त हो गया है। विशेष रूप से पाण्डवकालीन श्री सिद्धनाथ मंदिर, मटेरा स्थित प्रसिद्ध जंगलीनाथ मंदिर तथा नवाबगंज के मंगलीनाथ मंदिर सहित प्रमुख शिवधामों में व्यापक तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, आकर्षक सजावट, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएँ सुदृढ़ की जा रही हैं।

धार्मिक मान्यता के अनुसार महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह का पावन दिवस है। इस अवसर पर भोर होते ही मंदिरों के पट खोल दिए जाएंगे और श्रद्धालु कतारबद्ध होकर जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, रुद्राभिषेक, पंचामृत अभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन करेंगे। मंदिर समितियों के अनुसार इस वर्ष शुभ योग बनने से भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिसके मद्देनज़र सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पेयजल तथा चिकित्सा जैसी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।

इसी क्रम में श्री सिद्धनाथ महादेव मठ मंदिर में प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उपजिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक सिंह, नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर, नगर पालिका परिषद बहराइच की अधिशासी अधिकारी श्रीमती प्रमिता सिंह तथा विद्युत व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के अवसर पर श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर एवं श्री सिद्धनाथ मंदिर के महंत पूज्य स्वामी रवि गिरी जी महाराज ने सभी अधिकारियों को आशीर्वाद देते हुए महाशिवरात्रि महापर्व के सफल व सकुशल आयोजन की कामना की।

कई स्थानों पर भजन-कीर्तन, शिवमहापुराण पाठ तथा भगवान शिव-पार्वती विवाह उत्सव की झांकियों का आयोजन भी किया जाएगा। कुल मिलाकर महाशिवरात्रि को लेकर बहराइच में भक्तिमय वातावरण बन गया है और श्रद्धालु पूरे उत्साह व आस्था के साथ इस महापर्व के स्वागत में जुटे हैं।

Next Story
Share it