मुख्तार अंसारी के करीबी पूर्व बंकी ब्लॉक प्रमुख शोएब किदवई उर्फ बाबी की दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या

बाराबंकी। लखनऊ से वापस लौट रहे पूर्व ब्लॉक प्रमुख और माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी बताए जाने वाले शोएब की शुक्रवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात देवा रोड स्थित असेनी मोड़ के पास उस समय हुई जब वह कार से अपने घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले से मौजूद बदमाशों ने उनकी कार को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि करीब 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलियों की आवाज से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल शोएब को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने सभी बिंदुओं पर जांच की बात कही है।
घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस फिल्मी अंदाज की हत्या ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।




