Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

वृद्धजनों के बीच जन्मदिन मनाकर संजीव अग्रवाल ने दिया सेवा-संवेदना का प्रेरक संदेश

वृद्धजनों के बीच जन्मदिन मनाकर संजीव अग्रवाल ने दिया सेवा-संवेदना का प्रेरक संदेश
X


राजापुर माफी स्थित ओल्ड एज होम में सम्मान, स्नेह और आत्मीय संवाद का भावपूर्ण आयोजन

आनन्द गुप्ता /अनवार खाँ मोनू

बहराइच।

समाज में सेवा और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए आदर्श कल्याण सेवा समिति द्वारा संचालित वृद्ध आश्रम ओल्ड एज होम, राजापुर माफी में सोमवार को एक अत्यंत प्रेरणादायक व भावनात्मक आयोजन सम्पन्न हुआ। समाजसेवी श्री संजीव अग्रवाल ने अपने जन्मदिन को विशेष बनाते हुए इसे आश्रम में निवासरत वृद्ध माता-पिता के बीच मनाकर यह सिद्ध कर दिया कि सच्चा उत्सव वही है, जिसमें दूसरों के चेहरे पर मुस्कान खिल उठे।

कार्यक्रम का शुभारंभ आश्रम प्रबंधन एवं वरिष्ठ समाजसेवी अनिल कुमार प्रधान द्वारा तिलक लगाकर तथा शॉल ओढ़ाकर संजीव अग्रवाल का सम्मान करने से हुआ। इसके पश्चात पूरे परिसर में आत्मीयता और उल्लास का वातावरण छा गया। आश्रम वार्डन श्रीमती अनुराधा ने कार्यक्रम का संचालन गरिमामय ढंग से करते हुए सभी उपस्थित लोगों को भावपूर्ण क्षणों से जोड़े रखा।

इस अवसर पर संजीव अग्रवाल एवं उनके परिवारजनों ने आश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों को अपने हाथों से फल, मिष्ठान और अंगवस्त्र भेंट किए तथा उनके बीच बैठकर हालचाल जाना और सुख-दुख साझा किए। यह दृश्य उपस्थित सभी लोगों के लिए अत्यंत मार्मिक और प्रेरणादायक बन गया।

कार्यक्रम में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती गीता अग्रवाल, नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. विपुल अग्रवाल, डॉ. मेघा अग्रवाल, पुत्री ऋचा अग्रवाल, पोती राधिका अग्रवाल सहित परिवारजन मौजूद रहे। अंत में आश्रम के सभी वृद्धजनों ने अग्रवाल परिवार को स्नेहिल आशीर्वाद देते हुए उनके इस सेवा-समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की, जिससे आयोजन संवेदना, सम्मान और मानवीय रिश्तों की गरिमा का सजीव उदाहरण बन गया।

Next Story
Share it