श्रीमती वीरवाला सक्सेना स्मृति पुस्तकालय में चयनित छात्राओं का सम्मान

बिलारी।
श्रीमती वीरवाला सक्सेना स्मृति पुस्तकालय, निकट पौंडाखेड़ा मंदिर, बिलारी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्राओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुं. शिवलेश और कुं. नीरज के उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम में चयन तथा कुं. शैली के मैकेनिक कंज़्यूमर इलेक्ट्रॉनिक एप्लायंसेज विभाग में चयन होने पर उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
ब्रजरत्न बैंकट हॉल, स्टेशन रोड, बिलारी में आयोजित समारोह में वक्ताओं ने नगर में बालिकाओं के लिए निःशुल्क पुस्तकालय की स्थापना को एक सराहनीय और प्रेरणादायी पहल बताया। वक्ताओं ने स्वर्गीय श्रीमती वीरवाला सक्सेना की स्मृति में पुस्तकालय की स्थापना करने वाले उनके पुत्र डॉ. राकेश रफीक, उनकी पत्नी डॉ. मीनाक्षी तथा उनकी बेटियों तराना और डॉ. झरना की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में कोतवाली मिशन शक्ति प्रभारी उप निरीक्षक छाया ने मिशन शक्ति अभियान की जानकारी देते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने पर बल दिया और कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
आयुर्वेदिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वर्तिका ने कहा कि निःशुल्क पुस्तकालय के माध्यम से अध्ययनशील बालिकाओं को आगे बढ़ाने का यह प्रयास आज सकारात्मक परिणाम के रूप में सामने आया है। उन्होंने छात्राओं से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में आयुर्वेद अस्पताल में निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
डॉ. राकेश रफीक ने चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों और आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सैनिक परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जैन, किसान नेता अशोक सिरोही, देवेंद्र गांधी, एडवोकेट आसिफ कमल, अब्दुल कुद्दूस, व्यापारी नेता राकेश जैन, डॉ. वर्णिका रानी, सभासद राकेश यादव, डॉ. जितेंद्र कुमार दक्ष सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
— वारिस पाशा, बिलारी




