Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

सोशल मीडिया पर अपने ठेठ देसी अंदाज़ और बेबाक शैली से मशहूर हुई प्रियंका यादव अब राजनीति में

सोशल मीडिया पर अपने ठेठ देसी अंदाज़ और बेबाक शैली से मशहूर हुई प्रियंका यादव अब राजनीति में
X


इटावा। भर्थना क्षेत्र के ग्राम खितौरा की चर्चित सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर प्रियंका यादव आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। देसी अंदाज़ में गीतों और लोक संस्कृति से जुड़े वीडियो बनाकर उन्होंने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाई है। फेसबुक पर उनके लगभग 6 लाख फॉलोअर हैं, वहीं इंस्टाग्राम पर भी उनके फॉलोअर्स की संख्या 2 लाख से अधिक है। प्रियंका यादव का कंटेंट खास तौर पर ग्रामीण संस्कृति, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहता है, जिसकी वजह से वे तेजी से वायरल हुईं और एक बड़ी पहचान बनाई। प्रियंका यादव अब राजनीति में उतरने की तैयारी कर रही है वह अपनी ससुराल से जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी है।

ग्राम खितौरा निवासी प्रियंका यादव की ससुराल औरैया जिला के विकास खंड एरवाकटरा के ग्राम मुर्चा में है उनके पति भारतीय सेना में कार्यरत हैं, जिससे उनके परिवार में देश सेवा की भावना पहले से ही मौजूद है। सेना परिवार से जुड़ाव के कारण उनमें अनुशासन, सेवा और राष्ट्रप्रेम की सोच स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के साथ-साथ प्रियंका यादव की सक्रियता राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें लखनऊ बुलाकर सम्मानित किया था, जिसे उनके जीवन की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस सम्मान के बाद उनके समर्थकों में और अधिक उत्साह देखने को मिला। अब प्रियंका यादव एरवाकटरा क्षेत्र से वार्ड संख्या द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। वे खुलकर कह चुकी हैं कि उनका उद्देश्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर समाज सेवा करना है। उनका कहना है कि क्षेत्र में महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद वर्ग के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

प्रियंका यादव की लोकप्रियता का असर यह है कि क्षेत्र में युवाओं और महिलाओं का एक बड़ा वर्ग उनके साथ जुड़ता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से वे लगातार लोगों की समस्याओं को उजागर करती रही हैं और अब उसी अनुभव को राजनीति और जनसेवा में इस्तेमाल करना चाहती हैं।

सोशल मीडिया से पहचान बनाने वाली प्रियंका यादव अब राजनीति और समाज सेवा के नए सफर पर निकलने को तैयार हैं। यदि वे चुनावी मैदान में उतरती हैं तो निश्चित रूप से उनका मुकाबला दिलचस्प होगा, क्योंकि उनके पास लोकप्रियता, युवा समर्थन और सेवा की स्पष्ट सोच मौजूद है। आने वाले समय में यह देखना रोचक होगा कि सोशल मीडिया की यह स्टार जमीनी राजनीति में कितनी मजबूत भूमिका निभा पाती हैं।

Next Story
Share it