Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

यूपी में न्यायिक ढांचा बनेगा देश का मॉडल: सीजेआई सूर्यकांत

यूपी में न्यायिक ढांचा बनेगा देश का मॉडल: सीजेआई सूर्यकांत
X


ब्यूरो रिपोर्ट/चंदौली...

चंदौली: उत्तर प्रदेश में न्यायिक इंफ्रास्ट्रक्चर को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए शुक्रवार को चंदौली, महोबा, अमेठी, शामली, हाथरस एवं औरैया में एकीकृत न्यायालय परिसरों के निर्माण का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय मुख्य न्यायाधीश, उच्चतम न्यायालय न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की यह पहल देशभर के लिए एक मॉडल साबित होगी।

मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने जिला न्यायालयों की स्थापना त्वरित एवं सुलभ न्याय के उद्देश्य से की थी। ये आधुनिक कोर्ट कॉम्प्लेक्स आमजन के लिए न्याय के मंदिर बनेंगे, जो सभी आवश्यक नागरिक सुविधाओं से युक्त होंगे और आने वाले 50 वर्षों तक न्यायिक कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में सक्षम रहेंगे। उन्होंने महिला अधिवक्ताओं के लिए पृथक बार भवन तथा सभी परिसरों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का सुझाव भी दिया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य न्यायाधीश का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए न्यायपालिका का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। आम नागरिक को त्वरित, पारदर्शी और सहज न्याय उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर सरकार की प्राथमिकता है।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रथम चरण में छह जनपदों के लिए धनराशि जारी कर दी गई है। जनपद चंदौली के लिए लगभग 286 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सभी डिजाइन स्वीकृत हो चुके हैं और निर्माण कार्य एलएंटी जैसी विश्वविख्यात संस्था द्वारा तय समय सीमा में पूर्ण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एकीकृत न्यायालय परिसरों में एक ही छत के नीचे अदालतें, अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक चैंबर, न्यायिक अधिकारियों के लिए आवासीय सुविधा, खेलकूद परिसर, पार्किंग और कैंटीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शेष चार जनपदों में भी शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यह पहल भारत के न्यायिक इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी।कार्यक्रम में उच्चतम न्यायालय के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति पंकज मित्थल, न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा, न्यायमूर्ति राजेश बिंदल, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली सहित अनेक वरिष्ठ न्यायाधीश एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story
Share it