Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

गोंडा में राष्ट्र कथा के दौरान भावुक हुए पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह

गोंडा में राष्ट्र कथा के दौरान भावुक हुए पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह
X

गोंडा जिले में आयोजित राष्ट्र कथा के दूसरे दिन एक भावुक क्षण देखने को मिला। सद्गुरु रितेश्वर महाराज द्वारा पूजा-अर्चना के बाद बच्चों को राष्ट्र के नाम संदेश दिया जा रहा था। इसी दौरान उन्होंने अपने संबोधन में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के प्रभाव का उल्लेख किया। मंच से ‘दबदबा’ शब्द का प्रयोग होते ही पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भावुक हो गए और मंच पर ही रो पड़े।

बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद करीब एक घंटे तक भावुक अवस्था में रहे। इस दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उनकी आंखों से आंसू बहते दिखाई दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि गोंडा से पूर्व सांसद रहे बृजभूषण शरण सिंह अपने कथित प्रभाव और दबदबे को लेकर पहले भी विवादों में रह चुके हैं।

राष्ट्र कथा के दौरान सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने कहा कि अवध क्षेत्र, उत्तर प्रदेश और गोंडा में जब ‘दबदबा था, है और रहेगा’ जैसी बातें कही जाती हैं, तो उसका संदर्भ बृजभूषण शरण सिंह से जोड़ा जाता है। उन्होंने मंच से यह टिप्पणी करते हुए कहा कि यहां उनका दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा। यह टिप्पणी सुनते ही बृजभूषण शरण सिंह भावुक हो गए।

अपने संबोधन में सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने राष्ट्र कथा के अधिकार को लेकर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र कथा करने का अधिकार उसी व्यक्ति को होना चाहिए, जो राम और राष्ट्र के लिए पूर्ण रूप से समर्पित हो और अपना जीवन, ऊर्जा तथा वाणी राष्ट्र के लिए समर्पित कर दे। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को वही व्यक्ति जोड़ सकता है, जो इस भावना के साथ कार्य करता हो।

Next Story
Share it