अयोध्या में श्रद्धा व सामाजिक सेवा के साथ मनाया गया माता सावित्रीबाई फुले का जन्मदिवस

अयोध्या। साकेत बुद्ध विहार चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में नारी मुक्ति, शिक्षा और सामाजिक समानता की अग्रदूत माता सावित्रीबाई फुले जी का जन्मदिवस अयोध्या में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं सामाजिक सेवा के भाव के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य वासुदेव मौर्य तथा विशिष्ट अतिथि माननीय यस एल सोनकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों अतिथियों द्वारा माता-बहनों को कंबल वितरित किए गए, जो समाज के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना का प्रतीक रहा।
इस अवसर पर सहभोज (सामूहिक भोजन) का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोगों ने समानता, भाईचारे और सौहार्द के भाव के साथ सहभागिता की। यह आयोजन माता सावित्रीबाई फुले जी के शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय से जुड़े विचारों को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता साकेत बुद्ध विहार चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष अरविंद यादव ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने माता सावित्रीबाई फुले जी के संघर्षपूर्ण जीवन, नारी शिक्षा में उनके ऐतिहासिक योगदान तथा सामाजिक परिवर्तन के उनके संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, माता-बहनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफल एवं सार्थक बना। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोगों ने सहभागिता की।




