नेत्र चिकित्सक अनिल कुमार उपाध्याय के सेवानिवृत्त होने पर समारोहपूर्वक विदाई

बिलारी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिलारी में वरिष्ठ नेत्र परीक्षण अधिकारी अनिल कुमार उपाध्याय के सेवानिवृत्त होने पर स्टाफ एवं क्षेत्रवासियों द्वारा समारोहपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके द्वारा दी गई उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए उनके दीर्घ, स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की तथा उन्हें उपहार भेंट किए।
विदाई समारोह में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जैन ने उपाध्याय जी के सेवाकाल पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने रहलई (आगरा) से शिक्षा प्राप्त की तथा गांधी आई हॉस्पिटल, अलीगढ़ से नेत्र परीक्षण का प्रशिक्षण लिया। उनकी प्रथम नियुक्ति 29 दिसंबर 1990 को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिलारी में हुई।
उन्होंने जुलाई 2011 से जुलाई 2019 तक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र आसफपुर (बदायूं) में सेवाएं दीं। इसके पश्चात जुलाई 2019 में पुनः सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिलारी में कार्यभार ग्रहण किया।
विभागीय नीति के अनुसार आज 31 दिसंबर 2025 को उन्होंने 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु पूर्ण करते हुए लगभग 36 वर्षों की सराहनीय सेवा के उपरांत सेवानिवृत्ति ग्रहण की।
उनके व्यक्तित्व की विशेषता कौशल, मिलनसारिता, धैर्य, क्षमाशीलता, लगन एवं कर्मठता का उत्कृष्ट संयोजन रही है।
समारोह के मुख्य अतिथि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजपाल सिंह रहे, जिन्होंने उपाध्याय जी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में समस्त स्टाफ एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
— वारिस पाशा, बिलारी




