Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

एसआईआर में सपा के संभावित वोटरों को काटने की कोशिश, अफसरों पर दबाव- अखिलेश

एसआईआर में सपा के संभावित वोटरों को काटने की कोशिश, अफसरों पर दबाव- अखिलेश
X

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री एसआईआर में समाजवादियों का वोट काटने के लिए अधिकारियों पर दबाव बना रहे है। आरोप लगाते हुए कहा कि वह अधिकारियों से कह रहे हैं कि कमी निकालिए और समाजवादी पार्टी के लोगों का वोट काटिए।

अखिलेश ने कहा कि अभी निर्वाचन आयोग के आंकड़े नहीं आए है। हमारे पास भी आंकड़े नहीं आये आखिर मुख्यमंत्री को कैसे पता चल गया कि चार करोड़ वोट कट गये है। आरोप लगाते हुए कहा कि सुनने में आ रहा है कि भाजपा के नेता और विधायक रात में निजी कम्पनियों के साथ बैठकर चार करोड़ वोट बराबर करने को कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर चार करोड़ वोट कट गया तो 403 विधानसभा क्षेत्रों में हर जगह भाजपा का 84 हजार वोट कट गया है। यही भाजपा को हरायेगा

सपा प्रमुख ने कहा कि सच्चाई यह है कि यह एसआईआर नहीं एनआरसी है। अगर कल को एनआरसी होगा तो सरकार इसके अलावा और कौन सा कागज मांगेगी। आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा सरकार से मिला हुआ है।

विधानमंडल दल की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश ने कहा कि भाजपा विधान सभा में जनता के मुद्दों पर नहीं वंदे मातरम पर चर्चा करना चाहती है। आगे कहा कि जिन्होंने तिरंगा नहीं फहराया वे वंदे मातरम पर क्या चर्चा करेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि विधायकों के साथ विधानसभा में उठने वाले महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई है। कोडीन सिरप कफ सिरप को लेकर पूरा प्रदेश चिंतित है। आरोप लगाया कि सरकार नकली कफ सिरप वालों से मिली हुई है। गरीबों और बच्चों को ऐसा कफ सिरप दिया है जिससे कई जगह जान चली गयी है। उन्होंने कहा कि लोक सेवा आयोग में जो घोटाले हो रहे है उसकी कल्पना नहीं की जा सकती है। अभी भर्ती का जो विज्ञापन आया है उसमें पिछड़ों के साथ धोखा हुआ है।

बिहार में मुख्यमंत्री द्वारा महिला डॉक्टर का हिजाब खीचने को बहुत दुःखद घटना बताते हुए कहा कि इसकी पूरी दुनिया में निंदा हुई है। यह निन्दनीय है। ऐसा व्यवहार किसी को नहीं करना चाहिए।

Next Story
Share it