Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

कंपनियों की ऑनलाइन बिक्री नीति व्यापारियों के लिए घातक : शिव दुलारे गुप्ता

कंपनियों की ऑनलाइन बिक्री नीति व्यापारियों के लिए घातक : शिव दुलारे गुप्ता
X

बहराइच डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन की बृहद आम सभा संपन्न

आनन्द गुप्ता /अनवार खाँ मोनू

बहराइच।

बहराइच डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (रजि.) द्वारा नगर के एक रेस्टोरेंट में देर शाम बृहद आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ व्यापारी एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम करन टेकड़ीवाल रहे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एसोसिएशन के संरक्षक शिव दुलारे गुप्ता एवं धर्मवीर सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुनील बंसल ने की।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता दाऊजी नगर व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष दीपक सोनी ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारी वर्ग अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। जीएसटी की जटिल प्रक्रिया, बार-बार बदलते नियम, बाजार में मंदी, भुगतान में विलंब, परिवहन व लाइसेंस संबंधी कठिनाइयाँ तथा ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव से स्थानीय व्यापार गंभीर संकट में है।

इस अवसर पर एसोसिएशन के संरक्षक शिव दुलारे गुप्ता ने कंपनियों की कार्यशैली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कंपनियां माल एवं आकर्षक ऑफर सीधे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उतारकर डिस्ट्रीब्यूटर और स्थानीय व्यापारियों की उपेक्षा कर रही हैं, जो किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यह नीति व्यापारियों की कमर तोड़ने वाली है और इससे बाजार की पारंपरिक वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा रही है। बिना डिस्ट्रीब्यूटर को विश्वास में लिए ऑनलाइन भारी छूट देना बाजार में अराजकता और असमान प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनियों ने शीघ्र अपनी नीतियों में सुधार नहीं किया तो व्यापारी वर्ग संगठित होकर आंदोलन करने को विवश होगा, जिसकी जिम्मेदारी कंपनियों की होगी।

मुख्य अतिथि श्याम करन टेकड़ीवाल एवं दीपक सोनी दाऊ जी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए कहा कि व्यापार समाज अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं को शासन व प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा और उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुनील बंसल ने सभी अतिथियों व उपस्थित व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में डिस्ट्रीब्यूटर व व्यापारी हरिश्चंद्र गुप्ता , कमल शेखर गुप्ता , नानपारा से प्रकाश वीर गुप्ता , अशोक रस्तोगी , देवी प्रसाद , राम कुमार , सुरेश अग्रवाल , अमित निगम , रामू कनौजिया उपस्थित रहे। आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Next Story
Share it