अयोध्या से बड़ी खबर- पत्रकार पर हमले का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

अयोध्या, कोतवाली नगर पुलिस ने पत्रकार राममूर्ति यादव पर हुए हमले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अफताब उर्फ राजा बाबू, महफूज आलम और उमेश चौहान शामिल हैं। सभी को आज हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना कुछ दिनों पहले की है, जब पूर्व ब्लॉक प्रमुख राम अचल यादव के मिर्जापुर स्थित आवास पर सपा नेता गौरव पांडे की पिटाई हुई थी। इस घटना के बाद गौरव पांडे को शक था कि उनकी पिटाई पत्रकार राममूर्ति यादव के इशारे पर कराई गई थी। इसी संदेह और बदले की नीयत से आरोपियों ने शहर में अख़बार के ऑफिस के सामने लोहे की रॉड से पत्रकार पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
हमले के बाद राममूर्ति यादव को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि हमले की साजिश में शामिल मुख्य आरोपी गौरव पांडे समेत कई अन्य लोग अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
कोतवाली नगर पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा कर लिया जाएगा।




