Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

विज्ञान शिक्षा और पर्यटन को नया आयाम देगा आगरा साइंस पार्क — प्रो. एस.पी. सिंह बघेल

विज्ञान शिक्षा और पर्यटन को नया आयाम देगा आगरा साइंस पार्क — प्रो. एस.पी. सिंह बघेल
X

आगरा/लखनऊ, 06 नवम्बर 2025।

ताज नगरी आगरा में अब विज्ञान शिक्षा और तकनीकी नवाचार को नया आयाम मिलने जा रहा है। लखनऊ और गोरखपुर के बाद प्रदेश का तीसरा अत्याधुनिक साइंस पार्क एवं नक्षत्रशाला अब आगरा में स्थापित होने जा रहा है। गुरुवार को कोठी मीना बाजार मैदान के सामने, एसीपी लोहा मंडी कार्यालय के पीछे आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, और केंद्रीय राज्य मंत्री (सांसद) प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने संयुक्त रूप से इस परियोजना का शिलान्यास किया।

कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन एवं हवन कर ₹39.62 करोड़ की लागत से बनने वाले साइंस पार्क और नक्षत्रशाला की नींव रखी गई।

आधुनिक तकनीकों का केंद्र बनेगा आगरा साइंस पार्क

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि आगरा का साइंस पार्क प्रदेश का तीसरा उच्च सुविधा युक्त पार्क होगा, जहाँ छात्र-छात्राएँ और आमजन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक साइंस, और साइबर सुरक्षा जैसी आधुनिक तकनीकों से रूबरू होंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विज़न के अनुरूप प्रदेश के प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर ऐसे साइंस पार्क स्थापित किए जाएंगे, ताकि विज्ञान शिक्षा को व्यवहारिक रूप में प्रोत्साहन मिल सके।

इसके साथ ही पार्क में प्राचीन भारतीय विज्ञान गैलरी, Fun with Science Gallery, और गणित, चिकित्सा व इंजीनियरिंग में भारत की विरासत प्रदर्शनियाँ भी स्थापित की जाएंगी। ये गैलरी NCERT और CBSE पाठ्यक्रम के प्रयोगों को थीम आधारित रूप में प्रस्तुत करेंगी।

रोजगार और पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि जब वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उसी समय इस परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर मुख्यमंत्री को प्रस्तुत की गई थी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सहमति के बाद यह प्रस्ताव कैबिनेट में पारित हुआ और बेसिक शिक्षा विभाग की भूमि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग को हस्तांतरित की गई।

योगेंद्र उपाध्याय ने कहा, “यह पार्क न केवल आधुनिक शिक्षा का केंद्र बनेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा को सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और वैज्ञानिक दृष्टि से समृद्ध शहर के रूप में विकसित करने के लिए संकल्पित हैं।”

उन्होंने यह भी बताया कि शीघ्र ही आगरा में छत्रपति शिवाजी स्मारक भी स्थापित किया जाएगा, जो धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा।

नक्षत्रशाला से खगोल विज्ञान को मिलेगा नया आयाम

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि नक्षत्रशाला के निर्माण से छात्रों को खगोलशास्त्र के रहस्यों को समझने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा, “यह न केवल शिक्षा बल्कि शैक्षिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार का नया द्वार खोलेगा। आगरा की युवा पीढ़ी के लिए यह ‘विज्ञान का मील का पत्थर’ साबित होगा।”

कार्यक्रम में गरिमा पूर्ण उपस्थिति

इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव पंधारी यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक, अधिकारी और शहरवासी उपस्थित रहे।

Next Story
Share it