Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

गोवा के वरिष्ठ नेता और कृषि मंत्री रवि नाइक का निधन, राज्य में शोक की लहर

गोवा के वरिष्ठ नेता और कृषि मंत्री रवि नाइक का निधन, राज्य में शोक की लहर
X


डेस्क रिपोर्ट : विजय तिवारी

गोवा की राजनीति के दिग्गज और राज्य के कृषि मंत्री रवि नाइक का बुधवार सुबह कार्डियक अरेस्ट (हृदय गति रुकने) के कारण निधन हो गया। 79 वर्षीय नाइक को अचानक तबीयत बिगड़ने पर पोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

रवि नाइक गोवा की राजनीति के एक अनुभवी और सम्मानित चेहरा थे। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक करियर में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। नाइक दो बार गोवा के मुख्यमंत्री भी रह चुके थे। वर्तमान में वह राज्य के कृषि मंत्री के रूप में कार्यरत थे और अपने क्षेत्र में किसानों के हित में कई योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए जाने जाते थे।

उनके निधन की खबर से गोवा सहित पूरे देश में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत समेत कई केंद्रीय और राज्य नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि “रवि नाइक का निधन गोवा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने जीवन को जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया था।”

कांग्रेस और बीजेपी, दोनों दलों से लंबे समय तक जुड़े रहे रवि नाइक का राजनीतिक सफर पांच दशकों से अधिक का रहा। उन्होंने न केवल गोवा की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई, बल्कि शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाई।

राज्य सरकार ने उनके सम्मान में एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। सरकारी कार्यालयों में तिरंगा आधा झुका रहेगा।

गोवा के लोगों के बीच लोकप्रिय और सरल स्वभाव वाले रवि नाइक की राजनीतिक यात्रा ने प्रदेश की दिशा और दशा दोनों पर गहरा प्रभाव छोड़ा है। उनके निधन से गोवा की राजनीति में एक युग का अंत हो गया।

Next Story
Share it