इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बुलंदशहर के पूर्व एसएसपी श्लोक कुमार की प्रशंसा की

बुलंदशहर। जनपद बुलंदशहर के चर्चित भूमाफिया, जिलाबदर और हिस्ट्रीशीटर सुधीर गोयल के खिलाफ दर्ज मुकदमों में दायर हलफनामे को लेकर इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने जनपद के तत्कालीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार की प्रशंसा की है। अदालत ने उनके हलफनामे को तथ्यों पर आधारित और न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप बताया।
हाईकोर्ट ने कहा कि श्लोक कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया हलफनामा न केवल मामले की वास्तविक स्थिति को स्पष्ट करता है, बल्कि यह दर्शाता है कि पुलिस प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कितनी गंभीरता से कार्य कर रहा है।
लंबे समय बाद इलाहाबाद उच्च न्यायालय की ओर से उत्तर प्रदेश के किसी आईपीएस अधिकारी की इस प्रकार सराहना की गई है। न्यायालय की यह टिप्पणी पुलिस विभाग के मनोबल को बढ़ाने वाली मानी जा रही है।
गौरतलब है कि पूर्व एसएसपी श्लोक कुमार के कार्यकाल के दौरान बुलंदशहर में भूमाफिया, अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया था। उनके नेतृत्व में कई विवादित भूमि मामलों और आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की गई थी।
अदालत द्वारा की गई इस प्रशंसा को प्रशासनिक ईमानदारी और निष्पक्ष कार्यशैली की स्वीकृति के रूप में देखा जा रहा है।