Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

गिरनार में आस्था का अपमान : गोरख टुंक के पवित्र स्थल में तोड़फोड़, भक्तों में रोष और आक्रोश

गिरनार में आस्था का अपमान : गोरख टुंक के पवित्र स्थल में तोड़फोड़, भक्तों में रोष और आक्रोश
X


जूनागढ़।

धार्मिक आस्था और संस्कृति के प्रतीक माने जाने वाले गिरनार पर्वत पर एक बेहद निंदनीय और गंभीर घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। इस घटना के बाद नाथ संप्रदाय सहित संत समाज और श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश फैल गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गिरनार परिक्रमा मार्ग के लगभग 5500 सीढ़ियों के पास स्थित नाथ संप्रदाय का पवित्र स्थल ‘गोरख टुंक’ को कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने निशाना बनाया। देर रात इन लोगों ने मंदिर के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और भारी तोड़फोड़ मचाई। उन्होंने मंदिर के कांच के दरवाजे, पूजा सामग्री, दानपेटी और दीयों को नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, उन्होंने गुरु गोरक्षनाथ की मूर्ति को भी खंडित कर श्रद्धालुओं की आस्था को गहरा आघात पहुंचाया।

सुबह जब स्थानीय लोग और परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु वहां पहुंचे, तो मंदिर की स्थिति देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कई भक्तों की आंखों में आंसू आ गए। संत समाज ने कहा कि, “यह केवल तोड़फोड़ नहीं, बल्कि धर्मविरोधी कृत्य है।” उन्होंने मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों को तुरंत गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न कर सके।

नाथ संप्रदाय के संतों और धार्मिक नेताओं ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो पूरा नाथ संप्रदाय राज्यव्यापी आंदोलन करेगा।

घटना की जानकारी मिलते ही भवनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा तैयार किया है और आसपास के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद जूनागढ़ के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। गिरनार और भवनाथ क्षेत्र के मंदिरों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

यह घटना न केवल जूनागढ़ बल्कि पूरे गुजरात और देशभर के नाथ संप्रदाय के अनुयायियों के लिए आस्था और संस्कृति पर हमला मानी जा रही है, जिससे गहरी चिंता का माहौल बना हुआ है।

Next Story
Share it