Janta Ki Awaz
अन्य राज्य

रतलाम ट्रेन हादसा : चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश बनी जानलेवा, बैग से 4 लाख रुपये बरामद

रतलाम ट्रेन हादसा : चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश बनी जानलेवा, बैग से 4 लाख रुपये बरामद
X


रिपोर्ट : विजय तिवारी

मध्य प्रदेश के रतलाम रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर उस समय हुई, जब मुंबई की ओर जा रही 12904 गोल्डन टेंपल मेल एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सामने आया है कि युवक चलती ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी में हादसे का शिकार हो गया।

जानकारी के अनुसार, युवक प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आई, उसने तेजी से चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान उसका हाथ फिसल गया और वह सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा। कुछ ही सेकंड में वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि शरीर दो हिस्सों में बंट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और स्टेशन पर कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

शनिवार को सामने आए सीसीटीवी फुटेज में युवक लाल टी-शर्ट पहने दिखाई दे रहा है। वीडियो में साफ दिखता है कि वह ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ता है, लेकिन संतुलन बिगड़ने से फिसल जाता है। गिरते ही वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस जाता है और पहियों की ओर खिंच जाता है। यह दृश्य इतना भयावह था कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए।

जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार के मुताबिक, मृतक की पहचान दाऊद (38) पुत्र आयूशा बेग के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के जोगी नवादा गांव का निवासी था और फिलहाल महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ इलाके में रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वह गांव की संपत्ति बेचकर वापस मुंबई लौट रहा था।

पुलिस को मौके से युवक का बैग मिला, जिसमें आधार कार्ड, हजरत निजामुद्दीन से बांद्रा तक का रेलवे टिकट, एक की-पैड मोबाइल फोन और करीब 4 लाख रुपये नकद बरामद हुए। मोबाइल में सेव नंबरों के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और उन्हें घटना की जानकारी दी।

शनिवार सुबह मृतक का भाई रतलाम पहुंचा। मेडिकल कॉलेज में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद जीआरपी ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव, नकदी और अन्य सामान परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि प्रथम दृष्टया यह एक हादसा ही माना जा रहा है।

इस घटना ने एक बार फिर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और यात्रियों की लापरवाही दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अक्सर यात्री जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश करते हैं, जो जानलेवा साबित होती है। रेलवे प्रशासन लगातार चेतावनी देता रहा है, बावजूद इसके ऐसे हादसे रुक नहीं रहे।

रेलवे और पुलिस की अपील

रेलवे और जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ें या उतरें। प्लेटफॉर्म पर सतर्कता बरतें और किसी भी तरह की जल्दबाजी से बचें। थोड़ी सी सावधानी ही ऐसे बड़े हादसों को टाल सकती है।

यह घटना न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि यात्रियों के लिए भी एक कड़ा संदेश है कि लापरवाही का एक पल जिंदगी भर का दर्द बन सकता है।

Next Story
Share it