Janta Ki Awaz
अन्य राज्य

हरियाणाः क्या राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ फिर होगा 'खेला'? क्रॉस वोटिंग के डर से पार्टी ने विधायकों को शिमला भेजा, 4 नहीं गए

हरियाणाः क्या राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ फिर होगा खेला? क्रॉस वोटिंग के डर से पार्टी ने विधायकों को शिमला भेजा, 4 नहीं गए
X

चंडीगढ़ः हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव 16 मार्च को होगा। दरअसल दो सीटों पर तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, इसलिए वोटिंग की जरुरत पड़ रही है। चुनाव से पहले प्रदेश में सियासी संग्राम तेज हो गया है। पिछले राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ खेला हो गया था। विधायकों की संख्या बल होने के बावजूद पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में कांग्रेस इस बार सतर्क हो गई है लेकिन जो घटनाक्रम सामने आ रहे हैं, उससे पार्टी की चिंता बढ़ गई है। कांग्रेस अपने विधायकों को खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए हिमाचल प्रदेश भेज रही है। कांग्रेस के चार विधायक हिमाचल नहीं जा रहे हैं। विधायकों ने अलग-अलग वजहों का हवाला देकर हिमाचल जाने से इनकार कर दिया है।

शिमला नहीं जा रहे कांग्रेस के ये चार विधायक

अब तक की जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के चार विधायक सीनियर नेताओं के साथ हिमाचल प्रदेश नहीं जा रहे हैं। विधायक मोहम्मद इलियास स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर हिमाचल प्रदेश नहीं जा रहे हैं। वह मीटिंग में भी सहारा लेकर पहुंचे और आलाकमान को अपनी समस्या बता कर बाहर निकल गए। वहीं, कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स भी हिमाचल नहीं जा रहे हैं। उन्होंने घर पर पारिवारिक फंक्शन से जुड़े कार्यक्रम का हवाला देकर हिमाचल जाने से इनकार कर दिया है। मीटिंग में पार्टी के सीनियर नेताओं को अपनी समस्या बता कर वह भी निकल गए। विधायक चंद्र मोहन बिश्नोई भी हिमाचल नहीं जा रहे हैं। वह क्यों नहीं हिमाचल जाना चाहते। वजह साफ नहीं है।

विधायक विनेश फोगाट भी बैठक से निकल गई। खबर है वह भी हिमाचल नहीं जाना चाहतीं। उन्होंने मीडिया से बात नहीं की लेकिन सूत्रों की मानें तो पारिवारिक कारणों और छोटा बच्चा होने की वजह से बाहर जाने में असमर्थता जताई है।

कांग्रेस के 33 विधायक बस में सवार होकर शिमला रवाना

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के 33 विधायक बस से हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के लिए निकल गए हैं लेकिन चार विधायक नहीं गए। इससे पहले कांग्रेस विधायकों को हिमाचल प्रदेश ले जाने के लिए दो मिनी बस नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर के बाहर की पार्किंग में पहुंची। कुलदीप वत्स के अलावा प्रभारी बीके हरिप्रसाद बोलने से बचते रहे और हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा की कोई कहीं नहीं जा रहा है लेकिन बस में बीके हरिप्रसाद के साथ बस में बैठे नजर आए।

बस में बैठे हुए रतिया से विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि उन्हें ट्रेनिंग के लिए लेकर जा रहे हैं। कहां लेकर जा रहे हैं ये नहीं पता। वहीं कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड ने इंडिया टीवी से कहा की वो ट्रेनिंग के लिए बाहर जा रहे हैं। जब उनसे पूछा गया कि कोई डर है तो उन्होंने कहा कि सब एकजुट हैं लेकिन कहां लेकर जा रहे है ये नहीं पता।

जानिए जीत के लिए क्या है गणित

बता दें कि राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 16 मार्च को होगा। बीजेपी ने पूर्व सांसद संजय भाटिया को टिकट दिया है तो कांग्रेस ने दलित नेता कर्मवीर बौद्ध को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी नेता सतीश नांदल ने निर्दलीय पर्चा भरा है। इससे मुकाबला रोचक हो गया है। बीजेपी के संजय भाटिया का चुना जाना लगभग तय है। मुकाबला कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध और बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के बीच है। 90 सदस्यों वाली विधानसभा में राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए 31 विधायकों की जरुरत है।

बीजेपी के 48 विधायक हैं तो कांग्रेस के 37 विधायक हैं। इनेलो के दो विधायक हैं और तीन निर्दलीय विधायक हैं। विधायकों की संख्या के हिसाब से कांग्रेस और बीजेपी के खाते में एक-एक सीट जा सकती है। पिछले चुनाव में भी कांग्रेस के पास जरुरी संख्या बल थी लेकिन पार्टी उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा था। इसलिए देखना होगा कि क्या इस बार भी कांग्रेस के साथ खेला होगा।

Next Story
Share it