झारखंड आंदोलनकारियों ने 11 सितंबर को हुए झारखंड बंद की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की

रांची, 18 सितंबर, 2024: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा और झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा ने 11 सितंबर को हुए झारखंड बंद की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में झारखंड के तमाम चिन्हित आंदोलनकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष वेदेसी महतो ने की, जबकि संचालन संघर्ष मोर्चा के संस्थापक पुष्कर महतो ने किया।
बैठक में विशेष रूप से झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा के प्रदेश संयोजक सह राष्ट्रीय जनक्रांति मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव महमूद आलम ने भाग लिया। महमूद आलम ने झारखंड सरकार से चिन्हित आंदोलनकारियों के लिए 50-50 हजार रुपये का मासिक पेंशन, एक-एक आवास, मुफ्त बिजली और नौकरी की मांग की। उन्होंने यह भी मांग की कि सरकार आंदोलनकारियों के बच्चों को मुफ्त और उचित शिक्षा प्रदान करे।
महमूद आलम ने कहा, "हमने अपने 38 से अधिक वर्षों के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में हमेशा समाज और लोगों का भला चाहा है। लेकिन झारखंड अभी भी शिक्षा के क्षेत्र में काफी पिछड़ा हुआ है। हमारी पार्टी, राष्ट्रीय जनक्रांति मोर्चा, झारखंड में शिक्षा जागरूकता अभियान चला रही है। हमारा लक्ष्य है कि झारखंड भी अन्य राज्यों की तरह आईटी सेक्टर में अपना नाम बनाए। इससे न केवल बेरोजगारी कम होगी बल्कि छात्रों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।"
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो वे सड़कों पर उतरेंगे और सरकार को आईना दिखाएंगे।