Janta Ki Awaz
बिहार

नए-नए भाजपाई बने आरसीपी सिंह ने JDU को बताया 'भूजा पार्टी', बोले- नीतीश बाबू 'PM' पलटी मार रहेंगे

नए-नए भाजपाई बने आरसीपी सिंह ने JDU को बताया भूजा पार्टी, बोले- नीतीश बाबू PM पलटी मार रहेंगे
X

पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे आरसीपी सिंह गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अरुण सिंह ने आरसीपी सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई। भाजपा में शामिल होने के बाद आरसीपी सिंह ने जमकर नीतीश कुमार पर जुबानी हमला बोला।

आरसीपी सिंह ने कहा कि पहले हमारे जो नेता थे, वे कहते थे कि देश में कोई काम नहीं हो रहा है। मैंने उन्हें कई बार आईना दिखाने की कोशिश की। नीतीश बाबू बताइए कि कैसे आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। नीतीश जी बताइए कि देश कहां चला गया है और बिहार आज भी कहां है।

नए-नए भाजपाई बने आरसीपी सिंह ने नीतीश कुमार के विपक्षी एकता के मिशन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आज एक प्रदेश का सीएम तीन राज्यों का दौरा कर रहा है। बिहार में भ्रष्टाचार, नौकरी के मुद्दे की बात को छोड़कर नीतीश जी विपक्षी एकता की बात कर रहे हैं। विपक्ष का नेता कौन है। बिना किसी नेता के विपक्ष होता है क्या ?

उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार को सी शब्द से प्रेम है। आजकल वे कुर्सी के चक्कर में लगे हैं। उन्हें बिहार को आगे नहीं ले जाना है। आज बिहार में सब तार-तार है। 2005 में राज्य में बड़ी मुश्किल से कानून का राज्य स्थापित किया गया था। अब 2005 से बुरी स्थिति है। नीतीश कुमार ने जिस आरजेडी के भ्रष्टाचार का विरोध किया था, आज उसी की गोद में जा बैठे हैं।

आरसीपी सिंह ने पीएम का मतलब समझाया

उन्होंने आगे कहा कि नीतीश बाबू पीएम हैं और पीएम रहेंगे। पीएम माने पलटीमार। आपने कई बार देश के साथ विश्वासघात किया। इससे देश का विकास नहीं होता है। बिहार में जदयू को मैंने गांव-गांव पहुंचाया। बिहार में नीतीश कुमार का कुछ नहीं बचेगा। वे रहेंगे और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष रहेंगे और भूजा पार्टी रहेगी।

सिंह ने अपने भाजपा में शामिल होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा और अमित शाह को धन्यवाद दिया।उन्होंने कहा कि भगवान मुझे ताकत दे कि इस देश की और प्रदेश की सेवा कर सकूं। ये मेरे लिए गौरव का क्षण है कि आज मैं भाजपा में शामिल हुआ।

उन्होंने कहा कि विश्व में सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत है और सबसे बड़ी पार्टी भाजपा है। मुझे इसमें शामिल होने पर गौरव है।

Next Story
Share it