'लठबंधन वाले सिर्फ लठ चलाना जानते हैं, इन्हें युवाओं की चिंता नहीं', महागठबंधन पर जमकर बरसे पीएम मोदी

बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक है। राज्य में 6 और 11 नवंबर को दो चरण में 243 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होंगे। वहीं, चुनाव का रिजल्ट 14 नवंबर को जारी किया जाएगा। बिहार चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के माध्यम से बिहार के युवा कार्यकर्ताओं से बातचीत की। पीएम मोदी ने कहा है कि यह चुनाव बिहार के इतिहास में एक नया अध्याय लिखने वाला है और युवा इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पीएम मोदी ने विपक्षी महागठबंधन को लठबंधन करार दिया है। आइए जानते हैं कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में और क्या कुछ कहा है।
पीएम मोदी ने कहा- "बिहार के मेरे युवा साथियों, आप सभी को भाई-दूज के पर्व की ढेर सारी शुभकामनाएं। आज चित्रगुप्त पूजा का पावन दिन भी है, आज बहीखातों की पूजा भी की जाती है। आजकल देश में #GSTBachatUtsav भी चल रहा है। मुझे पता चला है कि #GSTBachatUtsav में बिहार के नौजवानों ने भी अपने लिए खूब खरीदारी की है। बाइक, स्कूटी पर GST कम होने का बिहार के युवा जबरदस्त लाभ उठा रहे हैं। त्योहारों की इस उमंग में छठी मईया की पूजा की तैयारी भी जोरो पर है। इन सबके साथ-साथ बिहार लोकतंत्र का महापर्व भी मना रहा है। ये बिहार की समृद्धि का नया अध्याय लिखने का चुनाव है। इसमें बिहार के नौजवानों की बहुत बड़ी भूमिका है। इसलिए, बिहार के आप नौजवान साथियों के साथ संवाद का अवसर मिलना उतना ही आनंद देता है।"
पीएम मोदी ने कहा- "आज देश में विकास का महायज्ञ चल रहा है और बिहार भी इसमें कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। बिहार में हर एक क्षेत्र में, हर एक दिशा में काम हो रहा है। कहीं अस्पताल बन रहे हैं, कहीं अच्छे स्कूल बन रहे हैं, कहीं नए रेलवे रूट बन रहे हैं। इसका बहुत बड़ा कारण ये है कि देश और बिहार में एक स्थिर सरकार है। जब स्थिरता होती है, तो विकास तेज होता है। बिहार की NDA सरकार की शक्ति भी यही है। इसलिए आज बिहार का हर नौजवान उत्साह से कह रहा है - रफ्तार पकड़ चुका है बिहार, फिर से NDA सरकार!"
पीएम मोदी ने कहा- "मैं बिहार के सभी नौजवानों से कहूंगा कि हर बूथ में सब नौजवानों को एकत्र करें और उस इलाके में जो बुजुर्ग लोग हों, वो आकर जरा सबको पुरानी बातों को बताएं। वो जो विचलित करने वाले उनके अनुभव हैं, वो सभी नई पीढ़ी को बताने का कार्यक्रम बनाया जा सकता है। बिहार के सभी युवा कार्यकर्ताओं को एक और काम करना है। चुनाव की भागदौड़ रहेगी, छठ का महापर्व भी इसी बीच है। लेकिन, छठ के तुरंत बाद 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस है, देश के महान नेता सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती है। इस दिन Run for Unity होनी है। मैं तो कहूंगा कि हर गांव में कितनी ही चुनावी आपाधापी हो, लेकिन सरदार पटेल को याद करना चाहिए। बड़े शहरों में हर वार्ड में 15-20 मिनट, एकता दौड़ का आयोजन किया जाना चाहिए और ज्यादा से ज्यादा बेटे-बेटियों को इसमें जोड़ना चाहिए।"
पीएम मोदी ने कहा- "मुझे सारी ताकत 140 करोड़ देशवासियों से मिली है और ये सारी ताकत मतदाता के एक वोट की ताकत है। उस वोट ने ये परिस्थिति पैदा की है कि आज राम मंदिर भी बन गया, ऑपरेशन सिंदूर भी हो गया और देश नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। ये वोट की ताकत है और मैं मानता हूं कि पूरे हिंदुस्तान में वोट की ताकत की सबसे ज्यादा समझ मेरे बिहार के भाई बहनों को है। इसलिए, जंगलराज को एक बार हटाने के बाद आज वो किसी भी हालत में जंगलराज को वापस नहीं आने देना चाहते। आज बिहार की बेटियां आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं, ये हम सब के लिए बहुत ही गर्व का विषय है। Science और Technology का क्षेत्र हो, Aviation से Space Technology तक, Fashion Technology और Fintech Industry हो, या Medical education और Media जैसे क्षेत्र हो, बिहार की बेटियों ने हर जगह अपना परचम लहराया है।"
पीएम मोदी ने कहा- "जो लोग अपने आप को गठबंधन कहते हैं, बिहार की जनता उनको लठबंधन कहती है। वो सिर्फ लठ चलाना और झगड़ा करना जानते हैं। लठबंधन वालों के लिए अपना स्वार्थ ही सबसे बड़ा है। इन्हें बिहार के युवाओं की चिंता नहीं है। दशकों तक देश और बिहार के नौजवान नक्सलवाद और माओवादी आतंक से पीड़ित रहे। लेकिन, इन लोगों ने आपको नहीं, बल्कि अपने स्वार्थ को हो प्राथमिकता दी। माओवादी आतंक से मदद लेकर ये लोग चुनाव भी जीतते रहे। बिहार को तबाह करने में नक्सलवाद-माओवादी आतंक ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। ये माओवादी स्कूल, कॉलेज, अस्पताल कुछ भी खोलने नहीं देते थे और बने बनाए संस्थान को बम से तोड़ देते थे। ये उद्योगों को घुसने नहीं देते थे। इसलिए, इनके राज में विकास पूरी तरह चौपट हो गया था। मैं मानता हूं कि इन्होंने बिहार की दो पीढ़ियों के भविष्य बर्बाद किया है।"
पीएम मोदी ने कहा- "बिहार को बाहर लाने में बहुत मेहनत लग रही है, लेकिन हम लोग कर रहे हैं। हमने 2014 के बाद से बड़ी मेहनत की है। NDA ने बिहार को जंगलराज के अंधेरे से निकालकर विकास की नई रोशनी में लाने का काम किया है। बीते वर्षों में बिहार में विकास के जो कार्य हुए हैं, उनसे एक मजबूत नींव बन गई है। अब हमें इसपर विकास की भव्य इमारत बनानी है। 2014 में डबल इंजन को सरकार बनने के बाद विकास के कार्यों में नई गति आई है। बिजली की व्यवस्था बहुत ज्यादा सुधरी है। बिजली सुधरना, लालटेन वालों को तो पसंद आएगा ही नहीं। हम जानते हैं कि जब बिजली पर्याप्त होती है, तो उद्योगों को, बिजनेस को बल मिलता है और इससे आपके लिए रोजगार के अवसर बढ़ते हैं।"
पीएम मोदी ने कहा- "हमारी सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान ने बिहार के नौजवानों को बहुत बड़ी शक्ति दी है। सस्ते डेटा ने, अच्छे नेटवर्क ने बिहार में नई क्रांति ला दी है। आने वाले वर्षों में हमें बिहार को टेक्नोलॉजी का हब बनाना है। जिले-जिले में स्टार्टअप्स को बढ़ावा देना है। बिहार के नौजवानों के लिए आने वाले साल वाकई अभूतपूर्व अवसरों के होने वाले हैं। बिहार का नौजवान अब बाहर नहीं जाएगा, बिहार में ही नाम कमाएगा।"