Janta Ki Awaz
चुनाव 2019

पूर्वांचल में नेताओं का जमावड़ा ; अखिलेश-मायावती, प्रियंका की जनसभा आज

पूर्वांचल में नेताओं का जमावड़ा ; अखिलेश-मायावती, प्रियंका की जनसभा आज
X

गोरखपुर, । यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, पूर्व सीएम व बसपा मुखिया सुश्री मायावती, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा व सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को देवरिया में अलग-अलग चुनावी जनसभा करेंगे।

तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार सपा मुखिया अखिलेश यादव व बसपा सुप्रीमो सुश्री मायावती सोनूघाट स्थित चकसराय बदलदास के समीप मैदान पर संयुक्त रूप से महागठबंधन प्रत्याशी बिनोद कुमार जायसवाल के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी क्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा सलेमपुर के बापू इंटर कालेज के मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी डा.राजेश कुमार मिश्र के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगी, जबकि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भाटपाररानी के बंगरा बाजार में आएंगे। वह यहां सलेमपुर से भाजपा प्रत्याशी रविंद्र कुशवाहा के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगेत्र

कल नौतनवा आएंगे अमित शाह

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह नौतनवा के छपवा बाईपास पर स्थित गाडसन मैदान में गुरुवार को आएंगे। यह जानकारी जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ल ने दी। उन्होंने बताया राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भाजपा प्रत्याशी पंकज चौधरी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे।

कल महराजगंज आएंगी प्रियंका गांधी

कांग्रेस प्रत्याशी सुप्रिया श्रीनेत ने बताया कि 16 मई को पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी जीएसवीएस इंटर कालेज में सुबह 11 बजे से चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी। उन्‍होंने पार्टी पदाधिकारियों व आम जन से बड़ी संख्‍या में कार्यक्रम स्‍थल पर पहुंचने का आह्वान किया है।

17 मई को आएंगे गृह मंत्री राजनाथ सिंह

आगामी 17 मई को गृहमंत्री राजनाथ सिंह राजा रत्नसेन इंटर कालेज निचलौल में जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जानकारी पार्टी के जिलाध्‍यक्ष अरुण शुक्‍ल ने एक प्रेस विज्ञप्‍ति के मध्‍य से दी है।

आज कुशीनगर आएंगे वन मंत्री दारा सिंह चौहान

वन मंत्री दारा सिंह चौहान बुधवार को कुशीनगर लोकसभा क्षेत्र के कठकुइयां में भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार दूबे के समर्थन में दोपहर बाद तीन बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।

दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी आज सलेमपुर में

भाजपा दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष सांसद व भोजपुरी फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी 15 मई को सलेमपुर–चेरो मार्ग स्थित लिटिल फ्लावार स्कूल पर भाजपा प्रत्याशी रविंद्र कुशवाहा के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे।

अखिलेश यादव आज महराजगंज में भी

बुधवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कालेज महराजगंज में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। गठबंधन प्रत्याशी कुंवर अखिलेश सिंह ने कहा कि जनसभा अपराह्न तीन से होगी।

स्वामी प्रसाद मौर्य व संजय निषाद महराजगंज में

महराजगंज के भाजपा जिलाध्यक्ष अरूण शुक्ला ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी पंकज चौधरी के समर्थन में पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या सिसवा क्षेत्र में चौपाल कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसी दिन निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद सदर क्षेत्र के चेहरी व बरातगाड़ा में भ्रमण करेंगे।

Next Story
Share it