Janta Ki Awaz
चुनाव 2019

बस्ती : महागठबंधन को मिल रही है सपा के ही पूर्व नेता से चुनौती

बस्ती : महागठबंधन को मिल रही है सपा के ही पूर्व नेता से चुनौती
X

बस्ती, उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से एक है। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और महागठबंधन की नजरें लगी हुई हैं। 2014 में 'मोदी लहर' के चलते इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के हरीश द्विवेदी ने जीत दर्ज की थी। दूसरे नंबर पर समाजवादी पार्टी के बृजकिशोर रहे थे। तीसरे नंबर पर बीएसपी के रामप्रसाद चौधरी रहे थे। इस बार इस सीट से भाजपा ने फिर से हरीश द्विवेदी पर दांव खेला है। जबकि, महागठबंधन से राम प्रसाद चौधरी मैदान में हैं। वहीं, कांग्रेस ने राजकिशोर सिंह को टिकट दिया है। इस लोकसभा सीट पर छठे चरण के लिए 12 मई को वोटिंग है।

बस्ती सीट पर महागठबंधन के प्रत्याशी राम प्रसाद चौधरी कप्तानगंज से पांच बार विधायक रहे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार राजकिशोर सिंह भी तीन बार हर्रैया सीट से समाजवादी सरकार में विधायक रहे हैं। समाजवादी पार्टी से नाराज होकर वह कांग्रेस में चले गए थे। ऐसे में कहा जा रहा है कि इस सीट पर महागठबंधन को अपने ही पूर्व नेता से चुनौती मिल रही है। राजकिशोर, सीधे तौर पर गठबंधन के प्रत्याशी राम प्रसाद चौधरी को नुकसान पहुंचा सकते हैं। वहीं, इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी हरीश द्विवेदी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चुनाव प्रचार किया है। साल 2014 में यहां कुल मतदाता 1,787,476 थे। इनमें से पुरुष मतदाताओं की संख्या 962,508 थी। जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 824,831 थी। बस्ती की 84 फीसदी आबादी हिंदू और 14 फीसदी आबादी मुस्लिमों है।

Next Story
Share it