सपा-बसपा गठबंधन से लखनऊ संसदीय सीट से उम्मीदवार हैं पूनम सिन्हा। सोनाक्षी रोड शो कर वोट मांगेंगी।

लखनऊ, । लोकसभा 2019 का चुनाव इस बार यादगार बनता दिखाई दे रहा है। चुनावी माहौल में फिल्म जगत के सितारे भी शामिल हो रहे हैं। इसी कड़ी में फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा आज (शुक्रवार) लखनऊ की सड़कों पर दिखाई देंगी। सपा-बसपा गठबंधन से लखनऊ संसदीय सीट से उम्मीदवार अपनी मां पूनम सिन्हा के लिए सोनाक्षी रोड शो कर वोट मांगेंगी। उधर, शत्रुघन सिन्हा भी साथ रहेंगे। बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी रोड शाे में मौजूद रहेंगे।
बता दें, ये पहली बार है जब बतौर अभिनेत्री सोनाक्षी कुछ इस तरह का काम करने जा रही हैं। बॉलीवुड में नाम कमाने के बाद सोनाक्षी पिता शत्रुघ्न सिन्हा के लिए कभी किसी रैली या रोड शो में शामिल नहीं हुईं। लंबे समय से बीजेपी से जुड़े रहे शत्रुघ्न हाल में कांग्रेस से जुड़े हैं। उन्हें पटना साहिब से टिकट मिली है।
इन इलाकों से गुजरेगा सोनाक्षी का रोड शो
दोपहर तीन बजे रोड शो हजरतगंज चौराहे से मेफेयर सिनेमा से होते हुए नावेल्टी सिनेमा, लालबाग, कैसरबाग चौराहा, कैसरबाग बस अड्डा, महिला कॉलेज, मौलवीगंज, रकाबगंज चौराहा, नक्खास चौराहा, अकबरी गेट से चरक चौराहा, चौक चौराहा से कोनेश्वर चौराहा होते हुए चौक घंटाघर पर समाप्त होगी।