उन्नाव में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बोले- यह मोदी जी को पीएम बनाने का चुनाव

उन्नाव, । लोकसभा चुनाव 2019 में भारतीय जनता पार्टी के अच्छे प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज उन्नाव में थे। सांसद साक्षी महाराज के समर्थन में जनसभा में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा इस बार का चुनाव मोदी जी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है।
उन्नाव के रामलीला मैदान में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि मैं तो देश भर में घूम रहा हूं, अब तक 266 लोकसभा क्षेत्र में जाने का मौका मिला है। हर जगह पर बस मोदी- मोदी का नारा है। यह नारा नरेंद्र मोदी जी को जनता का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। देश भर में मैं घूम रहा हूं आज 257वां लोक सभा क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि पूरब-पश्चिम उत्तर-दक्षिण हर जगह घूमते हुए आज मैं उन्नाव की पवित्र धरती पर आया हूं। भाजपा सरकार ने उन्नाव के दो लाख घरों में रसोई गैस पहुंचाने का काम किया है। उन्नाव की भूमि कलम की भूमि है और तलवार की भी भूमि है, यह भूमि लव-कुश की भूमि है। यह क्षेत्र बहुत ही मशहूर रहा है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने यहां पर सपा, बसपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव, मायावती और राहुल गांधी देश को सुरक्षित नहीं रख सकते। भाजपा के लोग आतंकवादियों के साथ 'ईलू-ईलू' नहीं कर सकते हैं। हम तो इनको देश से बाहर करने के अपने अभियान में लगे हैं। अखिलेश, मायावती और राहुल गांधी देश को सुरक्षित नहीं रख सकते। हम देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकते। अगर पाकिस्तान से गोली आएगी तो भारत से गोला जाएगा और ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।।
अमित शाह उन्नाव से पहले गाजीपुर में केंद्रीय मंत्री तथा गाजीपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मनोज सिन्हा के समर्थन में चुनावी जनसभा कर रहे थे। उन्नाव के बाद वह वाराणसी में पीएम नरेंद्र मोदी के रोड शो में शामिल होंगे। कल पीएम मोदी के नामांकन के बाद वह वाराणसी से बाहर जाएंगे।




