तीसरे चरण की 10 सीटों पर थमा प्रचार, 23 अप्रैल को मतदान, तीसरा चरण सपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण 10 सीटों में से 9 पर लड़ रही सपा

लखनऊ, । लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रदेश के 10 संसदीय क्षेत्रों में चुनाव प्रचार रविवार शाम छह बजे थम गया। तीसरे चरण में मुरादाबाद, संभल, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, आंवला, बदायूं, एटा, मैनपुरी और फीरोजाबाद संसदीय क्षेत्रों में 23 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव प्रचार की अवधि समाप्त होने से पहले अंतिम दिन सभी राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिए जमकर मशक्कत की। तीसरे चरण में 1.78 करोड़ मतदाता चुनाव मैदान में उतरे 120 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेेंगे। इनमें 14 महिला प्रत्याशी हैं।
उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण की दस में से सात सीटों पर भाजपा का कब्जा है, जबकि तीन पर समाजवादी पार्टी का। इस चरण में जिन दिग्गजों और चर्चित हस्तियों की साख दांव पर है, उनमें समाजवादी पार्टी के संस्थापक व संरक्षक मुलायम सिंह यादव मैनपुरी, केंद्रीय श्रम राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार बरेली, प्रदेश के पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां और पूर्व सांसद जयाप्रदा रामपुर, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव फीरोजाबाद, पूर्व सांसद शफीकुर्रहमान बर्क संभल, सपा सांसद धर्मेंद्र यादव बदायूं, भाजपा सांसद वरुण गांधी पीलीभीत से चुनाव मैदान में हैं।
तीसरे चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर में सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी मो. आजम खां पर हमला बोला। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने टेलीफोन के जरिये मुरादाबाद संसदीय क्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर सियासी विरोधियों को घेरा। कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू ने भी मुरादाबाद में जनसभा के जरिये पार्टी के प्रत्याशी इमरान प्रतापगढ़ी के लिए समर्थन जुटाया। सपा प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने बदायूं और रामपुर में जनसभाएं कीं।




