भुवनेश्वर में पीएम मोदी के रोडशो में उमड़ा समर्थकों का हुजूम

भुवनेश्वर, । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच भुवनेश्वर एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही प्रधानमंत्री को देखने के लिए समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राजधानी मोदी-मोदी के नारे से गूंज रही है। एक तरफ जहां लोगों से एयरपोर्ट से बरमुंडा सभास्थल तक मार्ग लोगों से सटा रहा, वहीं दूसरी तरफ विभिन्न इमारतों पर खड़े होकर लोग मोदी की एक झलक पाने को आतुर दिखे। रोड शो में प्रधानमंत्री पर लोग फूलों की बारिश कर रहे हैं।
पीएम मोदी एयरपोर्ट से रोड शो करते हुए बरमुंडा में आयोजित सभास्थल तक जाएंगे। रोड शो एयरपोर्ट से निकल कर सौभाग्य नगर चौक खंडगिरि चौक होते हुए बरमुंडा सभास्थल पर पहुंचेगा। इसके बाद प्रधानमंत्री बरमुंडा मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। राजधानी भुवनेश्वर में प्रधानमंत्री के रोड शो को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री के रोड शो को देखते हुए प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
Odisha: PM Narendra Modi waves to people on his way to Baramunda ground, Bhubaneswar where is scheduled to address a rally shortly pic.twitter.com/wqcfxktGWO
— ANI (@ANI) April 16, 2019
संबलपुर में मोदी बोले, भ्रष्टाचारियों और दलालों से निपटने आया है चौकीदार
संबलपुर के रेमेंड स्थित जलान इस्टेट में भाजपा की ओर से आयोजित विजय संकल्प सभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ओडिशा में भ्रष्टचारियों व दलालों के चलते केंद्रीय योजनाओं की राशि खर्च नहीं हो पाई है। इनसे निपटने के लिए चौकीदार आया है। भाजपा सत्ता में आई तो केंद्र की राशि सीधे जनता तक पहुंचेगी।
संबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने संबलपुर की आराध्य देवी मां समलेश्वरी व महाप्रभु जगन्नाथ को प्रणाम करने के साथ ही ओडिशा के माटीपुत्रों को नमन किया और बताया कि ओडिशा उनके लिए तीर्थयात्रा के समान है।
उन्होंने भीषण गर्मी में भी उमड़े जनसैलाब के जोश देखते हुए कहा कि इससे विरोधियों का होश उड़ जाएगा। इस चौकीदार के प्रति लोगों के प्रेम व स्नेह को विरोधी समझ नहीं पा रहे हैं। ओडिशा में पहले चरण के मतदान के संकेत से पता चलता है कि इस बार केंद्र में मोदी व ओडिशा में भाजपा को सत्ता में लाना चाहते हैं।
मोदी ने कहा कि देश में साधन और संसाधनों की कमी नहीं है। बावजूद इसके पिछली सरकारों ने इस पर ध्यान नहीं दिया और केंद्र से भेजे गई राशि में से 15 फीसद दलालों के तिजोरी में चले गए। ऐसे में स्कूल कालेज नहीं बन पाया। वर्षों से यहां भ्रष्टाचार का यही हाल है। मोदी की सरकार अब पूरे सौ फीसद राशि जनता के विकास में खर्च करने की व्यवस्था की है। लोगों के विश्वास की वजह से भाजपा लोक हित और राष्ट्रहित का कार्य कर सकी है। दिल्ली में पहले मजबूर और भ्रष्ट सरकार थी। यूरिया घोटाला, खनिज और कोयला घोटाला, गरीबों की योजनाओं की राशि हड़पी जाती थी। चौकीदार ऐसे दलालों और भ्रष्टाचारियों से निपटने आया है। चौकीदार के ऐसे प्रहार से विपक्ष असंतुष्ट है और मोदी को हटाने के लिए एकजुट हो रहा है।
ओडिशा में क्षेत्रवाद और जाति को लेकर बीजद सरकार के रवैये से ओडिशा का विकास संभव नहीं हो पा रहा है। हीराकूद जैसे बड़े बांध के बावजूद किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। केंद्र सरकार किसानों को उनके उत्पाद का डेढ़ गुणा अधिक देने का निर्णय लिया गया था लेकिन बीजद सरकार के बिचौलियों ने इसे भी हड़प लिया जिस कारण प्रधानमंत्री किसान योजना का लाभ किसानों को नहीं मिल पाया है। ओडिशा सरकार को केंद्र की ओर से भेजी गई सूची में सभी किसानों का नाम शामिल नहीं किया गया है। 23 मई के बाद जब केंद्र एक बार मोदी की सरकार बनेगी तो ओडिशा के किसानों के बैंक खाते में सीधे राशि जमा होगी। इससे किसी दलाल को पंजा मारने का मौका नहीं मिल सकेगा।
विजय संकल्प सभा में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संबलपुर लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार नितेश गंगदेव, संबलपुर विधानसभा उम्मीदवार जयनारायण मिश्र, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बसंत पंडा एवं अन्य लोग शामिल थे।




