मैनपुरी: गठबंधन की रैली 19 को, 'माया संग मुलायम' पर संशय बरकरार

मैनपुरी लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल को होने जा रही गठबंधन की संयुक्त रैली में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के शिरकत करने पर संशय के बादल मंडराने लगे हैं। रैली के लिए जारी सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम के खत में मुलायम सिंह यादव का नाम नहीं है। इसमें कहा गया है कि बसपा अध्यक्ष मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष अजित सिंह रैली को संबोधित करेंगे।
मुलायम सिंह यादव न केवल मैनपुरी से गठबंधन के प्रत्याशी हैं बल्कि सपा के स्टार प्रचारकों की सूची में उनका नाम है। उनके नामांकन में अखिलेश यादव समेत सैफई परिवार के तमाम वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे थे। अखिलेश ने कहा था कि 19 की रैली में मुलायम सिंह मौजूद रहेंगे। हालांकि मुलायम ने इस बारे में कुछ नहीं कहा था। उन्होंने मीडिया से बातचीत में एक बार भी बसपा का नाम नहीं लिया था।
वहीं दूसरी ओर सपा के नेताओं की चुप्पी भी इस ओर इशारा कर रही है। कोई भी कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में अब नेताजी आते हैं या नहीं ये तो 19 को ही पता चलेगा, लेकिन कार्यकर्ताओं को उनका बेसब्री से इंतजार है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रेम सिंह शाक्य को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस पार्टी ने मुलायम सिंह के सामने प्रत्याशी नहीं उतारा है।




