Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

जेलों की हर गतिविधि पर लखनऊ से ही रहेगी नजर:जैकी

जेलों की हर गतिविधि पर लखनऊ से ही रहेगी नजर:जैकी
X

-सभी जेलों में बैरिकों तक सीसीटीवी कैमरे

-30 दिन तक डाटा रहेगा सुरक्षित

-जेलों की किचन मॉडयूलर रूप लेगी।

-आटा गूंथने की मशीन लगेंगी, 24 जेलों में जैमर लगे

-कोई भी कर्मचारी मोबाइल से बात कराएगा तो होगा बर्खास्त

-दो जेल अधीक्षक हो चुके हैं बर्खास्त, दर्जनों निलंबित

-मथुरा की जेल में कान्हा की लीलाओं के चित्रण पर विचार

मथुरा, (तुलसी राम ):उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री जय कुमार जैकी ने बताया कि प्रदेश की जेलों की योगी सरकार द्वारा सुरक्षा बढ़ाई गई है। अब लखनऊ में बैठे ही समस्त जेलों की गतिविधियों को स्क्रीन पर देखकर नजर रखी जा सकेगी। इन गतिविधियों का डाटा 30 दिन तक सुरक्षित रखा जा सकेगा, जिससे जरूरत पडऩे पर जांच में उस डाटा व चित्रों का उपयोग किया जा सकेगा।

यह जानकारी प्रदेश के कारागार मंत्री जैकी ने शुक्रवार को ब्रज प्रेस क्लब पर पत्रकारों को दी। वह पंजाब केसरी के प्रधान संपादक स्व. अश्विनी कुमार चौपड़ा को श्रद्धा सुमन अर्पित करने यहां आए थे। उन्होंने श्री चौपड़ा के चित्र पर सपत्नी पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

पत्रकारों से वार्ता में श्री जैकी ने कहा कि जेलों में अक्सर यह शिकायतेंं मिलती रहती हैं कि वहां अवैध तरीके से लोगों का कैदियों से मिलना जुलना रहता है इस पर अब रोक लग जाएगी। अभी तक प्रदेश की 24 जेलों में जैमर लगाए जा चुके हैं। मोबाइल से बंदियों द्वारा जो बातचीत की जाती है उस पर पूरी तरह अंकुश लगा दिया गया है। साथ ही नियमाबलि में संशोधन कर दोषी कर्मचारियों व अधिकारियों को दंडित किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। अभी तक योगी सरकार में दो जेल अधीक्षक बरखास्त किए जा चुके हैं। कई अन्य कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है। स्केनर और मेटलडिटेक्टर लगाए जा रहे हैं। जेल में मोबाइल पहुंचाने वाले कर्मचारियों को बखास्त किए जाने की व्यवस्था की जा रही है।

कारागार मंत्री ने बताया कि जेलों में बंदियों को सुधारने के लिए भी बेहतरीन कदम उठाए गए हैं। हर बैरक में बड़ी एलईडी लगाई गई हैं, जिससे उनका मनोरंजन हो रहा है और जेल के रसोई घरों में रोटी बनाने वाली मशीने लगवा दी गई हैं। मॉड्यूलर किचन बनाई जा रही है। सभी जेलों में सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे कि बिजली की कमी से असुविधा न रहे। ब्रज प्रेस क्लब पर जेल मंत्री श्री जैकी और उनकी धर्मपत्नी सम्मान पत्र देकर ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं उपजा के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलकान्त उपमन्यु एडवोकेट द्वारा सम्मानित किया गया।

कारागार मंत्री श्री जैकी ने बताया कि मथुरा के पड़ौस के जनपद हाथरस में कारागार खोले जाने के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। यहां जेल स्वीकृत हो चुकी है। अंबेडकर नगर और चित्रकूट में नई जेलों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। लखनऊ की जेल को आदर्श कारागार बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कारागार में बंदियों को स्वावलंबी बनाने का बड़ा कदम उठाया गया है, जिसके तहत कौशल विकास स्कीम में उन्हें ट्रेंड किया जा रहा है। वे हुनरमंद बनकर जेल से निकलने के बाद गलत रास्ते का अनुसरण नहीं करेंगे बल्कि अपनी आजीविका सही ढंग से चला सकेंगे। मेरठ जेल में स्पोर्टस का सामान बंदी तैयार कर रहे हैं, क्योंकि वह क्षेत्र स्पोर्टस का क्षेत्र है। लखनऊ में कैदी सेनेटरी पैड तैयार किए जा रहे हैं। उन्नाव के कैदी दरी तैयार कर रहे हैं। मथुरा के कैदी पोषाक, कंठी माला और पर्दे तैयार कर रहे हैं। इसी तरह यूपी के जिस क्षेत्र में जो कारोबार होता है उसी को कैदियों को सिखाया जा रहा है। प्रदेश की जेलों में बंदी रक्षकों की कमी पूरी की जा रही है। हाल ही में 1400 बंदी रक्षकों की भर्ती की गई है। रुकी हुई प्रोन्नति प्रक्रिया को भी गति दी जा रही है। जेल में जेल विजिटर जो पूर्व से चले आ रहे हैं उनका कार्यकाल खत्म हो रहा है उनकी जगह दूसरों को बनाया जाएगा।

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मथुरा की जेल में भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया था। यह प्रेरणादायक प्रसंग है। इससे संबंधित चित्र मथुरा की जेल में लगाए जाने का विचार चल रहा है, जिससे कैदियों में आध्यात्म और भगवान श्रीकृष्ण से सीख मिल सकेगी।

इस अवसर पर समाजसेवी चौ.रनवीर सिंह कमाण्डो, ब्राह्मण नेता मनोज शर्मा बॉबी भैया, ठा.ब्रजेश सिंह एडवोकेट, वरिष्ठ पत्रकार सीपी सिंह सिकरवार, निमाई पंडित, मनोज शर्मा, ब्रजेश राजावत,संस्कार जाग्रति मिशन के सचिव विवेक प्रिय आर्य एवं डा.कपिल प्रताप सिंह आदि उपस्थित थे।

Next Story
Share it