Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

डेढ़ लाख का इनामी कुख्यात अपराधी चांद पुलिस के साथ मुठभेड़ में ढेर

डेढ़ लाख का इनामी कुख्यात अपराधी चांद पुलिस के साथ मुठभेड़ में ढेर
X

मेरठ, पुलिस के साथ आम लोगों के लिए दहशत का पर्याय बने बदमाश को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में ढेर कर दिया। बागपत रोड पर शनिवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में डेढ़ लाख के इनामी चांद उर्फ काले ढेर कर दिया।

शिवपुरम में लूटपाट कर बाइक से भाग रहे बदमाशों की बागपत रोड पर डीपीएस स्कूल के पास घेराबंदी की गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में चांद के सीने में गोली लग गई, जबकि जवाबी फायरिंग में हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया। मुठभेड़ की कमान स्वयं एसएसपी अजय साहनी ने संभाल रखी थी। बदमाश के पास से कार्बाइन व बंदूक बरामद हुई है।

रात आठ बजे टीपीनगर के शिवपुरम में मोनू और चंद्रवीर से लूटपाट की गई। विरोध करने पर दोनों को घायल कर दिया गया। बदमाश मोनू की स्कूटी भी लूट ले गए। उसके बाद टीपीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। चार घंटे की कांबिंग के बाद बदमाशों की बागपत रोड पर घेराबंदी की गई। डीपीएस स्कूल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया। एक गोली सर्विलांस सेल में तैनात हेड कांस्टेबल मनोज दीक्षित को लग गई। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें एक गोली बदमाश चांद के सीने में लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से भाग निकला।

घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान परीक्षितगढ़ के कुख्यात बदमाश चांद उर्फ काले के रूप में हुई। चांद का पूरे जोन में आतंक था। उसके खिलाफ लूट, हत्या और डकैती के तीस मुकदमे दर्ज हैं। चांद पर सहारनपुर डीआइजी की तरफ से 50 हजार और एडीजी जोन की तरफ से एक लाख का इनाम घोषित था। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि घायल सिपाही को भी अस्पताल में भर्ती करा दिया है।

Next Story
Share it