Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

जीएसटी के लागू होने से 'एक देश, एक कर, एक बाजार' की अवधारणा हुई साकार : रामनाथ कोविंद

जीएसटी के लागू होने से एक देश, एक कर, एक बाजार की अवधारणा हुई साकार : रामनाथ कोविंद
X

नई दिल्‍ली,: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 71वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश को संबोधित कर रहे हैं। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, 'राष्ट्रपति के संबोधन का शाम सात बजे हिंदी में ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) के पूरे नेटवर्क और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर प्रसारण किया जाएगा।

Republic Day Eve Address LIVE:

- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, देश के विकास के लिए एक सुदृढ़ आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का होना भी जरूरी है। इसीलिए सरकार ने आंतरिक सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। सरकार ने अपने महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों के द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र पर विशेष बल दिया है।

- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, हम देश के हर हिस्से के सम्पूर्ण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं–चाहे वह जम्मू-कश्मीर व लद्दाख हो, पूर्वोत्तर क्षेत्र के राज्य हों या हिंद महासागर में स्थित हमारे द्वीप-समूह हों।

- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, जीएसटी के लागू हो जाने से 'एक देश, एक कर, एक बाजार' की अवधारणा को साकार रूप मिल सका है। इसी के साथ 'ई-नाम' योजना द्वारा भी 'एक राष्ट्र के लिए एक बाजार' बनाने की प्रक्रिया मजबूत बनाई जा रही है, जिससे किसानों को लाभ पहुंचेगा।

- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, मुझे विश्वास है कि 'जल जीवन मिशन' भी 'स्वच्छ भारत अभियान' की तरह ही एक जन आंदोलन का रूप लेगा।

- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' के माध्यम से लगभग 14 करोड़ से अधिक किसान भाई-बहन प्रति वर्ष 6 हजार रुपए की न्यूनतम आय प्राप्त करने के हकदार बने हैं। इससे हमारे अन्नदाताओं को सम्मानपूर्वक जीवन बिताने में सहायता मिल रही है।

- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की उपलब्धियां गर्व करने योग्य हैं। लक्ष्य को पूरा करते हुए, 8 करोड़ लाभार्थियों को इस योजना में शामिल किया जा चुका है। ऐसा होने से जरूरतमंद लोगों को अब स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिल पा रही है।

- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, जनता की भागीदारी के कारण 'स्वच्छ भारत अभियान' ने बहुत ही कम समय में प्रभावशाली सफलता हासिल की है। भागीदारी की यही भावना अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों में भी दिखाई देती है - चाहे रसोई गैस की सब्सिडी को छोड़ना हो, या फिर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना हो

- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, जन-कल्याण के लिए, सरकार ने कई अभियान चलाए हैं। यह बात विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि नागरिकों ने, स्वेच्छा से उन अभियानों को, लोकप्रिय जन-आंदोलनों का रूप दिया है

- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, हमारे संविधान ने हम सब को एक स्वाधीन लोकतंत्र के नागरिक के रूप में कुछ अधिकार प्रदान किए हैं। लेकिन संविधान के अंतर्गत ही, हम सब ने यह ज़िम्मेदारी भी ली है कि हम न्याय, स्वतंत्रता और समानता तथा भाईचारे के मूलभूत लोकतान्त्रिक आदर्शों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहें।

- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, 71वें गणतंत्रदिवस की पूर्व संध्या पर, मैं देश और विदेश में बसे, भारत के सभी लोगों को, हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।

इसके बाद उनके संबोधन के अंग्रेजी संस्करण का प्रसारण किया जाएगा।' बयान के मुताबिक, हिंदी और अंग्रेजी में प्रसारण के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों पर राष्ट्रपति के संबोधन का क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारण किया जाएगा। संबोधन को क्षेत्रीय भाषा में रात 9.30 बजे से प्रसारित किया जाएगा।

लोकतंत्र, चुनावी प्रक्रिया और मतदाता देश के गौरव

इससे पहले 10 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को कहा कि हमारा लोकतंत्र, चुनावी प्रक्रिया और मतदाता देश का गौरव हैं। अपने संबोधिन में उन्‍होंने कहा कि हमारा लोकतंत्र, हमारी चुनावी प्रक्रिया और मतदाता हमारा गौरव है। मतदाताओं की भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत होता है।

कई नागरिक मतदान का महत्‍व नहीं समझते

राष्‍ट्रपति ने कहा कि मेरी यूरोप यात्रा के दौरान स्विट्जरलैंड और आइसलैंड जैसे विभिन्न देश हमारे लोकतंत्र और चुनाव प्रणाली से प्रभावित थे। आम चुनावों में लोगों की भागीदारी ने लोकतंत्र में विश्वास को बरकरार रखा है। हालांकि, आज भी कई ऐसे नागरिक हैं जो मतदान के महत्व को नहीं समझते हैं। राष्ट्रीय मतदाता दिवस राज्यों, जिलों और मतदान कार्यालयों में भी मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा और चुनाव आयुक्त अशोक लवासा और सुशील चंद्रा, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद भी उपस्थित थे।

Next Story
Share it