ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में आधार, हड़ताल, शादी जैसे भारतीय शब्दों को मिली जगह

नई दिल्ली, । ऑक्सफोर्ड एडवांस लर्नर्स डिक्शनरी के नवीनतम संस्करण में हर साल की तरह इस बार भी भारतीय अंग्रेजी शब्दों को जगह मिली है। इस बार इसमें आधार, चॉल, डब्बा, हड़ताल और शादी जैसे 26 नए भारतीय अंग्रेजी शब्दों को शामिल किया गया है। डिक्शनरी के इस 10वें संस्करण में 384 भारतीय अंग्रेजी शब्द हैं। शुक्रवार को लॉन्च किए गए इस संस्करण में चैटबॉट, फर्जी समाचार और माइक्रोप्लास्टिक जैसे 1,000 नए शब्द भी शामिल किए गए हैं।
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस ने कहा कि डिक्शनरी में भाषा परिवर्तन और उसके विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया है। साथ ही यह सुनिश्चित किया है कि नए संस्करण में इस्तेमाल की गई भाषा और दिए गए उदाहरण समय के साथ प्रासंगिक और अपडेट हों। नया संस्करण ऑक्सफोर्ड लर्नर्स डिक्शनर्स वेबसाइट और एप के जरिए इंटरैक्टिव ऑनलाइन सपोर्ट के साथ उपलब्ध होगा।
ऑक्सफोर्ड लर्नर्स डिक्शनर्स वेबसाइट में ऑडियो वीडियो ट्यूटोरियल्स, वीडियो वॉकथ्रू, सेल्फ स्टडी एक्टिविटीज और उन्नत iWriter और ieakeaker टूल्स जैसे एडवांस फीचर्स भी शामिल हैं। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस (OUP) की प्रबंध निदेशक (शिक्षा प्रभाग) फातिमा दादा ने बताया कि संस्करण में 26 नए भारतीय अंग्रेजी शब्दों को जगह मिली है जिनमें 22 शब्द मुद्रित शब्दकोश में जबकि अन्य चार डिजिटल संस्करण में शामिल किए गए हैं।
शब्दकोश में कुछ शब्द हिंदी के हैं, जिसका इस्तेमाल भारत में अंग्रेजी और हिंदी बोलने वाले लोग आमतौर पर करते हैं। कुछ अन्य नए भारतीय शब्द जैसे आंटी (अंग्रेजी शब्दकोश में पहले से शामिल, भारतीयता 'चाची' के संदर्भ में), बस स्टैंड, डीम्ड यूनिवर्सिटी, एफआईआर, नॉन-वेज, रिड्रेसल, टेम्पो, ट्यूब लाइट, वेज और वीडियोग्राफ भी शामिल हैं। शब्दकोश के ऑनलाइन संस्करण में चार नए भारतीय अंग्रेजी शब्द करंट (बिजली), लुटेरा, लूटपाट और उपजिला (उन क्षेत्रों में से एक है जो एक जिले को प्रशासन के लिहाज से विभाजित करता है) शामिल हैं।




