घबराएं नहीं, ये देश की जनता का ही है कानून

आगरा, । नागरिकता संशोधन कानून। देश, प्रदेश और बृज में विरोध के चलते हुए बवाल की लपटें अब शांत हो रही हैं। इस कानून को लेकर जनता के बीच जो भ्रांतियां फैली हुई हैं, उन्हें दूर करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत दिग्गज सियासी सितारे ताजनगरी के कोठी मीना बाजार ग्राउंड में हैं। ये वहां सीएए के समर्थन में सभा कर रहे हैं। सामान्य शब्दों में यह संदेश दिया जा रहा है कि इस कानून से घबराने की जरूरत नहीं है। यह जनता का ही कानून है और देश की जनता की रक्षा करने वाला ही कानून है।
गुरुवार दोपहर के डेढ़ बजे हैं। सर्दी के मौसम में धूप कई दिनों बाद आज चटख खुली है। मैदान खचाखच भरा है। 3200 कुर्सी की क्षमता वाले करीब छह ब्लॉक बनाए गए हैं। इसके अलावा हजारों लोग मैदान में खड़े हो सकते हैं। मैदान में मौजूद लोग भाजपा नेताओं में जोश भरने के लिए काफी हैं। हर तरफ सीएए के समर्थन में झंडे, पोस्टर और बैनर लहरा रहे हैं।
मंच से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मैदान में लहराते ध्वज को देखकर कहा कि अभी तो ये झंडा कश्मीर में लहराया है। जल्द ही पाक अधिकृत कश्मीर में भी भारतीय ध्वज लहराता नजर आएगा। अनुच्छेद 370 लागू होने के बाद अब अमरनाथ यात्रा बिना किसी डर के होगी। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के विरोध की आड़ में कांग्रेस, सपा और बसपा हिंसा करा रहे हैं। भाजपा विरोध के खिलाफ नहीं बल्कि सड़कों पर विरोध के बहाने सड़कों पर की गई तोड़फोड़, लूट और आगजनी के खिलाफ है। पीएफआइ का हाथ भी सामने आ चुका है, इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। देश की जनता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री उम्मीदवार के रूप नकार चुकी है। अमेठी से हुई हार इस बात का प्रमाण है। लेकिन इटली वाली मां को अब भी ये बात समझ नहीं आ रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह संबोधित कर रहे हैं। प्रदेश के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अध्यक्ष बीएल वर्मा, प्रदेश के आबकारी और मद्य निषेध विभाग मंत्री राम नरेश अग्निहोत्री, चिकित्सा शिक्षा एवं प्राविधिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, भाजपा के जन जागरण सभा संयोजक शिवशंकर शर्मा, जिला अध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन के साथ-साथ सांसद राजकुमार चाहर, एसपी सिंह बघेल, राज्यमंत्री चौ. उदयभान सिंह, राज्यमंत्री डा. जीएस धर्मेश, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, योगेंद्र उपाध्याय, हेमलता दिवाकर, मेयर नवीन जैन मुख्य रूप से उपस्थित हैं।




