निजामाबाद में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

आजमगढ़
निजामाबाद में गुरूवार से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पहले दिन का पहला खेल कालेज के इलेक्ट्रिकल व फार्मेसी के छात्रों के बीच क्रिकेट मैच का रहा। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ पुलिस कप्तान प्रो0 त्रिवेणी सिंह ने फीता काट कर किया। इसके पूर्व उन्होंने प्रिंस प्रभाकर के चित्र पर दीप प्रज्जवलित किया तथा पिछले दिनों हुए आजमगढ़ महोत्सव में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के बच्चों को स्मृति चिह्न व मेडल प्रदान किया। मुख्य अतिथि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस कप्तान प्रो0 त्रिवेणी सिंह ने कहा कि खेल व शिक्षा एक सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने कहा कि खेल से शरीर स्वस्थ होता है तथा शरीर स्वस्थ होने से मन भी स्वस्थ रहता है। स्वस्थ मन से बेहतर शिक्षा की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को शिक्षा के साथ.साथ खेल पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से खेल के मैदान में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जागृत होती है उसी तरह से छात्र छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में भी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जागृत करना चाहिए। प्रो0सिंह ने कहा कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से व्यक्ति का चहुंमुखी विकास होता है। पुलिस कप्तान प्रो0 सिंह ने कहा कि आज के बच्चे कल के नागरिक होंगे यहां से निकल कर वह बेहतर प्रदर्शन करें यही उनकी शुभकामनाएं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज इस कालेज के छोटे से ग्राउंड में खेलने वाले बच्चे कल अगर इस देश के लिए खेलेंगे तो निश्चित रूप से कालेज परिवार इसे अपनी उपलब्धि मानेगा। कार्यक्रम को संबोधित करने वाले प्रमुख लोगों में कालेज के प्राचार्य डा0 सुलभि सौरभ, डा0छाया राय,मुकेश राय, दिवाकर राय, अरविन्द कुमार समर बहादुर सिंह एजाज अहमद प्रधान डा0दल यादव, सुनीता प्रजापति, प्रवीन चौधरी, अनुराधा चौधरी, अभिषेक उपाध्याय, साक्षी गुप्ता आदि रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राध्यापक अबु सहमा ने किया।
रिपोर्टर:-राकेश वर्मा आजमगढ़




