Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

इस हफ्ते जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे सरकार के 36 केंद्रीय मंत्री

इस हफ्ते जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे सरकार के 36 केंद्रीय मंत्री
X

नई दिल्ली, । मोदी सरकार के कुल 57 मंत्रियों में से 36 मंत्री इसी हफ्ते जम्मू और कश्मीर का दौरा करेंगे। अनुच्छेद 370 हटाने और केंद्रशासित प्रदेश के गठन के पांच महीने बाद 18 से 24 जनवरी के बीच केंद्र सरकार के यह मंत्री स्थानीय जनता को सरकार की नीतियां समझाएंगे। घाटी के संवेदनशील क्षेत्रों में अनुच्छेद 370 हटाने के सकारात्मक पहलुओं को स्पष्ट किया जाएगा। गृह मंत्रालय ने बाकी सभी मंत्रालयों के बीच तालमेल रखने का काम करेगा।

केंद्र की नीतियों का महत्व समझाएंगे मंत्री

सूत्रों ने बुधवार को बताया कि जम्मू और कश्मीर के दोनों मंडलों के सभी जिलों में यह तीन दर्जन केंद्रीय मंत्री जाएंगे। इस संबंध में गृह राज्य मंत्री जी.किशन रेड्डी ने जम्मू और कश्मीर के मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रह्मण्यम को पत्र लिखा है। पत्र में रेड्डी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इच्छा है कि सभी केंद्रीय मंत्री जम्मू और कश्मीर का दौरा जरूर करें। साथ ही वहां के लोगों को केंद्र शासित प्रदेश के समग्र विकास को लेकर केंद्र की नीतियों के महत्व को समझाएं। इन मंत्रियों को आधारभूत स्तर पर लोगों से मिलने को कहा गया है। साथ ही हर संसदीय क्षेत्र से लेकर ब्लाक स्तर पर बैठकें की जाएंगी।

पीयूष गोयल करेंगे श्रीनगर का दौरा

बताया जाता है कि जम्मू में 51 दौरे होंगे और श्रीनगर में आठ दौरे होंगे। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 19 जनवरी को कटड़ा और रईसी जिले के पंथाल क्षेत्रों में जाएंगी। जबकि उसी दिन रेल और वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल श्रीनगर का दौरा करेंगे। जबकि खुद रेड्डी 22 जनवरी को गांदरबल में होंगे। वह 23 जनवरी को मनिगम जाएंगे। केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद 24 जनवरी को बारामूला जिले के सोपोर में जाएंगे। वीके सिंह उधमपुर के टिकरी का दौरा 20 जनवरी को करेंगे। किरण रिजिजू 21 जनवरी को जम्मू के सुचेतगढ़ जाएंगे।

इसी तरह केंद्रीय मंत्री आरके सिंह डोडा जिले के खेल्लानी जाएंगे। श्रीपद नायक श्रीनगर के एसकेआइसीसी में एक बैठक करेंगे। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, गिरिराज सिंह, प्रह्लाद जोशी, रमेश पोखरियाल निशंक और जितेंद्र सिंह इसी एक हफ्ते में जम्मू और कश्मीर के विभिन्न जिलों में जाएंगे।

Next Story
Share it