लखनऊ को पांच जोन में बांटने की योजना, हो सकते हैं व्यापक स्तर पर फेरबदल

लखनऊ, कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद लखनऊ को पांच जोन में बांटा जा सकता है। थानेदारों के अलावा इस नए व्यवस्था में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 56 अधिकारियों को तैनात किया जाएगा। शासन की ओर से लखनऊ में 10 पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी तैनात किए गए हैं, जो पुलिस उपायुक्त का कार्यभार देखेंगे।
माना जा रहा है कि पांच पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में 40 थानों को पांच जोनों में बांटा जाएगा। लखनऊ में पुलिस आयुक्त के नीचे आइजी स्तर के दो अधिकारियों को संयुक्त पुलिस आयुक्त, एसपी स्तर के 10 अधिकारियों को पुलिस उपायुक्त, एएसपी स्तर के 13 अधिकारियों को अपर पुलिस उपायुक्त व सीओ स्तर के 28 अधिकारियों को सहायक पुलिस आयुक्त काम करेंगे। इसके बाद पुलिस इंस्पेक्टरों को थानों का जिम्मा मिलेगा।
महिला अपराध, ट्रैफिक, क्राइम और कानून व्यवस्था पर नजर
नई व्यवस्था के तहत 10 पुलिस उपायुक्त कानून व्यवस्था, क्राइम, ट्रैफिक और महिला अपराध पर नियंत्रण के लिए तैनात किए गए हैं। हालांकि कमिश्नर के पद ग्रहण करने तक इनको कार्यभार नहीं मिला है। पांच पुलिस उपायुक्त अलग-अलग जोन में काम करेंगे। इसके अतिरिक्त एक को महिला अपराध, दूसरे को क्राइम, तीसरे को कानून व्यवस्था, चौथे को ट्रैफिक व पांचवे को प्रोटोकाल समेत अन्य कार्यों का जिम्मा सौंपा जा सकता है। माना जा रहा है कि तीन थानों पर एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) तैनात किया जाएगा। अब नई व्यवस्था के तहत सहायक पुलिस आयुक्त चौक, कैसरबाग, बाजारखाला, हजरतगंज, कैंट, आलमबाग, कृष्णानगर, अलीगंज, गोमतीनगर, महानगर और गाजीपुर का कार्यालय पुलिस कमिश्नर के अधीन होंगे।
व्यापक स्तर पर फेरबदल के संकेत
राजधानी में तैनात पुलिस अधिकारियों के बड़े स्तर पर फेरबदल के संकेत मिल रहे हैं। पुलिस कमिश्नर के कार्यभार ग्रहण करने के बाद इंस्पेक्टर, सीओ और एएसपी स्तर के अधिकारियों का तबादला किया जाएगा। राजधानी में सोमवार को नई व्यवस्था लागू होने के बाद महकमे में चर्चा का बाजार गर्म रहा।
मिलेंगे ये अधिकार
कमिश्नर प्रणाली के तहत पुलिस को धारा 144 लागू करने, लोगों को पाबंद करने, शांतिभंग के तहत किए गए चालान में आरोपित को थाने से जमानत पर रिहा करने का अधिकार मिला है। पुलिस को एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून), गुंडा एक्ट व गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई का अधिकार भी दिया गया है।
लखनऊ में इन्हें मिली तैनाती
नाम - वर्तमान तैनाती - नवीन तैनाती
1. सुजीत पांडेय - एडीजी प्रयागराज जोन - पुलिस आयुक्त, लखनऊ।
2. नवीन अरोड़ा - आइजी, संबद्ध डीजीपी मुख्यालय - संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) लखनऊ।
3. नीलाब्जा चौधरी - आइजी, पीएसी मुख्यालय लखनऊ - संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध व मुख्यालय) लखनऊ।
4. सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी - संबद्ध डीजीपी मुख्यालय - पुलिस उपायुक्त लखनऊ।
5. रईस अख्तर - एएसपी पीएसी मुख्यालय - पुलिस उपायुक्त लखनऊ।
6. चारू निगम - एसपी अभिसूचना लखनऊ - पुलिस उपायुक्त लखनऊ।
7. दिनेश सिंह - एसपी पावर कारपोरेशन लखनऊ - पुलिस उपायुक्त लखनऊ।
8. सोमेन वर्मा - एसपी अपराध लखनऊ - पुलिस उपायुक्त लखनऊ।
9. शालिनी - एसपी यूपी 112 लखनऊ - पुलिस उपायुक्त लखनऊ।
10. प्रमोद कुमार तिवारी - एसपी रेलवे मुरादाबाद - पुलिस उपायुक्त लखनऊ।
11. पूजा यादव - एएसपी फतेहपुर - पुलिस उपायुक्त लखनऊ।
12. अरुण कुमार श्रीवास्तव - एसपी वूमेन पावर लाइन लखनऊ - पुलिस उपायुक्त लखनऊ।
13. ओम प्रकाश सिंह - सेनानायक 26वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर - पुलिस उपायुक्त लखनऊ।
गौतमबुद्धनगर में इन्हें मिली तैनाती
नाम : वर्तमान तैनाती - नवीन तैनाती
1. आलोक सिंह - एडीजी /आइजी मेरठ रेंज - पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर।
2. अखिलेश कुमार - डीआइजी पीएसी मुख्यालय लखनऊ - अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) गौतमबुद्धनगर।
3. श्रीपर्णा गांगुली - डीआइजी कारागार प्रशासन व सुधार, लखनऊ - अपर पुलिस आयुक्त (अपराध व मुख्यालय) गौतमबुद्धनगर।
4. नितिन तिवारी - सेनानायक छठवीं वाहिनी पीएसी मेरठ - पुलिस उपायुक्त नोएडा।
5. हरीश चन्दर - एसपी विशेष जांच लखनऊ - पुलिस उपायुक्त नोएडा।
6. बृन्दा शुक्ला - संबंद्ध डीजीपी मुख्यालय - पुलिस उपायुक्त नोएडा।
7. संकल्प शर्मा - एसपी सुरक्षा लखनऊ - पुलिस उपायुक्त नोएडा।
8. मीनाक्षी कात्यान - एएसपी सुलतानपुर - पुलिस उपायुक्त नोएडा।
9. राजेश कुमार सिंह - सेनानायक 44वीं वाहिनी पीएसी मेरठ - पुलिस उपायुक्त नोएडा।
10. राजेश एस - एसपी (प्रशिक्षण व सुरक्षा) लखनऊ - पुलिस उपायुक्त नोएडा।




