प्रियंका गांधी वाराणसी पहुँचीं, कांग्रेसियों ने किया स्वागत

वाराणसी, । कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एक दिवसीय वाराणसी दौरे पर शुक्रवार को सुबह 10.20 बजे चार्टर विमान से वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचीं। प्रियंका के आगमन से पूर्व वाराणसी एयरपोर्ट पर पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय, वीरेंद्र सिंह व मेवालाल बागी, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल सहित अन्य नेता एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे। प्रियंका गांधी के एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्य टर्मिनल भवन में उनका स्वागत किया उसके बाद बाहर निकलते ही कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। उसके बाद 10.35 बजे प्रियंका सड़क मार्ग से शहर प्रस्थान कर गयीं। शहर में वह पंचगंगा घाट और श्रीमठ में भी जाएंगी।
प्रियंका के साथ इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी मौजूद रहे। इससे पूर्व सुबह 8.30 बजे प्रियंका नई दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होकर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर वाराणसी पहुंचेंगी। यहां से गुलेरिया कोठी ठहरने के बाद 11.30 बजे बीएचयू जाएंगी। छात्रों से मुलाकात के बाद दोपहर एक बजे वह वापस एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगी।
प्रियंका वाराणसी में लगभग तीन घंटे के अपने संक्षिप्त दौरे में राजघाट स्थित संत रविदास मंदिर भी जा रही हैं। यहां से वह बोट से रामघाट स्थित गुलेरिया कोठी जाएंगी जहां नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जेल गए लोगों और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्रों से संवाद करेंगी। यहीं पर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में जीतने वाले एनएसयूआइ के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनका हौसला भी बढ़ाएंगी। इसके अलावा वह बजरडीहा में पुलिस लाठी चार्ज के दौरान पीडित लोगों से मुलाकात कर संवेदना जताएंगी। यहां से निकल कर श्रीकाशी विश्वनाथ व बाबा काल भैरव मंदिर में भी मत्था टेक सकती हैं। दर्शन-पूजन के बाद बाबतपुर स्थित एयरपोर्ट से जयपुर के लिए रवाना हो जाएंगी।
कांग्रेसियों संग संवाद
रविदास मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें वाराणसी सहित आसपास के जिलों के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होने के लिए बुलाए गए हैं। इसके अतिरिक्त भी संक्षिप्त दौरे में प्रियंका से अन्य कांग्रेसी मुलाकाल कर अपने क्षेत्रों में पार्टी की चल रही विभिन्न तैयारियों की जानकारी भी देंगे।




