Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

लखनऊ में भारत बंद का प्रभाव रहेगा बेअसर, व्यापारियों ने कहा- खोलेंगे बाजार

लखनऊ में भारत बंद का प्रभाव रहेगा बेअसर, व्यापारियों ने कहा- खोलेंगे बाजार
X

लखनऊ, । भारत बंद को व्यापारियों ने सीधे तौर पर नकार दिया है। व्यापारियों ने एलान करते हुए कहा कि राजधानी के सभी बाजार खुलेंगे। सभी संगठन इस बंदी के खिलाफ नजर आए। लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, वरिष्ठ महामंत्री अमरनाथ मिश्र ने कहा कि लखनऊ के सभी बाजार खुलेंगे। व्यापारी किसी भी भारत बंद में शामिल नहीं होगा। अमीनाबाद, गणेशगंज, यहियागंज, चौक, पांडेयगंज, नाका हिंडोला, चारबाग, आलमबाग समेत सभी बाजार रोज की तरह तय समय पर खोले जाएंगे। स्टेशनरी के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान ने स्टेशनरी मार्केट खोले जाने का दावा किया है।

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने भी भारत बंद को सिरे से खारिज कर दिया। कहा, ऐशबाग, राजाजीपुरम, नजीराबाद, ग्वीनरोड समेत सभी प्रमुख स्थानों के बाजार खोले जाएंगे। भारत बंद से व्यापारियों को कोई लेना-देना नहीं है। वहीं, आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा व्यापारी रोज-रोज की बंदी से परेशान है। वह किसी भी भारत बंद में शामिल नहीं होगा। निर्धारित समय पर खोले जाएंगे।

बंद के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

विभिन्न संगठनों की ओर से अलग-अलग मुद्दों को लेकर बुधवार को भारत बंद का एलान किया गया है। इसके मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हजरतगंज समेत विभिन्न इलाकों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। उच्चाधिकारियों ने मातहतों को उनके क्षेत्र में रहने वाले संबंधित दलों के पदाधिकारियों से बातचीत के निर्देश दिए हैं। बंद के मद्देनजर खुफिया विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने का इनपुट जारी किया गया है। सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को क्षेत्र में होने वाली सभी गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Next Story
Share it