जेल में बंद पूर्व IPS दारापुरी के परिवार से मिलीं प्रियंका

लखनऊ, । कांग्रेस के 135वें स्थापना दिवस पर शनिवार को पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लखनऊ पहुंची। स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी के प्रदेश मुख्यालय नेहरू भवन में एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा इंदिरानगर स्थित पूर्व आइपीएस एसआर दारापुरी के घर रवाना हुईं। काफिले को पॉलीटेक्निक चौराहे पर पहुंचते ही पुलिस ने रोक लिया। इस दौरान पुलिस से हॉट टॉक के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा गाड़ी से उतरकर पैदल मार्च करते हुए आगे बढ़ीं। कुछ दूरी पैदल मार्च करने के बाद वह दोपहिया वाहन पर सवार हो गईं। बता दें, राजधानी में बीते 19 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध प्रदर्शन मामले में पूर्व आइपीएस एसआर दारापुरी गिरफ्तार किए गए थे।
पुलिस द्वारा रोके जाने पर प्रियंका गांधी का गुस्सा फूटा। उन्होंने कहा कि बीच सड़क पर मुझे रोका गया। सारी गाड़िया चल रही हैं, मुझे ही क्यों रोका गया ? क्योंकि मैं किसी के घर मिलने जा रही हूं। इसके बाद कुछ दूरी प्रियंका गांधी ने दोपहिया वाहन से तय करने के बाद वह गाड़ी में सवार हो गईं। इंदिरानगर सेक्टर 18 तक प्रियंका गांधी का काफिला जाम में फंस गया। इसके बाद पैदल मार्च करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा पूर्व आइपीएस एसआर दारापुरी के घर पहुंची और उनके परिवार से मिलीं।




