उन्नाव : भगवंत नगर विधानसभा से सात बार विधायक रहे भगवती सिंह का निधन

उन्नाव के भगवंत नगर से सात बार के विधायक रहे भगवती सिंह विशारद जी ने सोमवार की सुबह अंतिम सांस ली। वह 98 वर्ष के थे और कानपुर के धनकुट्टी में रहते थे, यहां से पार्थिव शरीर उन्नाव स्थित आवास ले जाया गया।
वर्ष 1921 में 23 सितंबर को उन्नाव के झगरपुर गांव में भगवती सिंह विशादर का जन्म हुआ था। वर्तमान में 98 वर्षीय विशारद जी कानपुर के धनकुïट्टी मोहल्ले में रह रहे थे। वह उन्नाव की भगवंत नगर विधानसभा क्षेत्र से सात बार विधायक रह चुके थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजसेवा ही गुजार दिया। अंग्रेजों के खिलाफ स्वतंत्रता संग्र्राम आंदोलन में भाग लिया। उन्होंने बीकॉम किया और फिर हिंदी साहित्य में विशारद किया, जो उपाधि नाम से जुड़ गई। वह अपने पीछे परिवार में बेटे रघुवीर, बहू कमला, पौत्र अनुराग, पौत्रवधू सुनीता, परपौत्र अभिषेक और पुत्र नरेश सिंह व बहू चंदा को छोड़ गए हैं। उनके पुत्र रघुवीर उन्नाव के गांव में रहते हैं। सोमवार की सुबह विशारद जी ने घर में अंतिम सांस ली। उनका निधन होने की जानकारी पर आसपास के लोग शोक जताने घर पहुंच गए। परिवार के लोग उनका पार्थिव शरीर उन्नाव के पैतृक गांव लेकर रवाना हो गए। जीवित अवस्था में उन्होंने देहदान कर दिया था, इसलिए अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।