Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

हैदराबाद के बाद, पिछले नौ दिनों से तड़प रही संभल की निर्भया ने भी तोड़ा दम

हैदराबाद के बाद, पिछले नौ दिनों से तड़प रही संभल की निर्भया ने भी तोड़ा दम
X

हैदराबाद में महिला पशु चिकित्सक के साथ हुई वीभत्स घटना ने सभी देशवासियों को झकझोर कर रख दिया है। तमाम खबरों और मीडिया कवरेज के कारण पूरे देश की नजर वहां टिकी हुई हैं, लेकिन उस घटना के ठीक दो दिन बाद शनिवार को उत्तर प्रदेश के संभल जिले की एक निर्भया ने भी हैवान के हमले से जूझते हुए दम तोड़ दिया।

बीते 21 नवंबर को संभल के नखासा थाना क्षेत्र के कस्बे में एक किशोरी के साथ एक दरिंदे ने दुष्कर्म कर उसे जिंदा जला दिया था। पिछले कई दिनों से गंभीर हालत में किशोरी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती थी। कई बार उसके बयान लेने की कोशिश की गई, लेकिन वह नाम के अलावा कुछ भी नहीं बता पाई।

दुष्कर्म और जिंदा जलाए जाने के बाद भी वह 9 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझती रही, लेकिन आखिरकार शनिवार सुबह उसके शरीर ने साथ छोड़ दिया। बताया गया कि दुष्कर्म करने का बाद जिस वक्त उस जलाया जा रहा था, संयोग से उसी समय मौके पर किशोरी की मां पहुंच गई और आरोपी पर लाठी से हमला कर दिया।

इससे किशोरी उस समय तो बच गई, लेकिन तबतक उसके शरीर का 70 प्रतिशत हिस्सा जल चुका था। अस्पताल में पड़ी किशोरी के गले में नली लगी हुई थी। नखासा थाना पुलिस उसके बयान के लिए लगातार परिसर में मौजूद रही, लेकिन वह कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं थी। आखिरी समय में उसके शरीर में अत्यधिक तकलीफ होने लगी...और आखिरकार संभल की निर्भया ने भी दम तोड़ दिया।

हालांकि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रातभर दबिश देने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को युवक को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जिसके बाद उसे मुरादाबाद जेल भेज दिया गया है।

Next Story
Share it