प्रात:कालीन अर्घ्य जारी, घाटों पर उमड़ रहा आस्था का जन-सैलाब

लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का आज अंतिम दिन है। पर्व के तीसरे दिन शनिवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया। इसके पहले गुरुवार को नहाय-खाय व शुक्रवार को खरना की पूजा हुई। अब रविवार को प्रात:कालीन अर्घ्य के साथ महापर्व का समापन हो जाएगा।
07:20 बजे: राजनेताओं व जनप्रतिनिधियों ने जगह-जगह की पूजा। बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने समस्तीपुर के दलसिंहसराय में भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने मधुबनी स्थित अपने गांव अररिया संग्राम में अर्घ्य दिया। अरारिया नहर घाट पर अर्घ्य के सांसद प्रदीप सिंह पहुंचे तो बोचहां की विधायक ने मुजफ्फरपुर में अपने मकान की छत पर बने घाट पर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।
07:10 बजे: पटना सहित राज्य में जगह-जगह अर्घ्य जारी। घाटों पर उमड़ रहा जन-सैलाब।
07:00 बजे: जगह-जगह भगवान भास्कर की प्रतिमाएं भी स्थापित की गईं हैं। समस्तीपुर के शहपुर पटोरी में वाया नदी के अंदर स्थापित ऐसी ही सूर्य देव की सात घोड़ों वाली प्रतिमा नजरें खींच रही है।
06:50 बजे: पटना सहित राज्य के कई इलाकों में कोहरे में छिपे रहे सूर्यदेव। इस बीच अर्घ्य जारी।
06:40 बजे: मोतिहारी के अटल उद्यान घाट पर प्रात:कालीन अर्घ्य के दौरान आकर्षण का केंद्र बने सरोवर में भ्रमण करते हंस।
06:25 बजे: मुजफ्फरपुर के बेला में पूजा के साथ देशभक्ति का नजारा। घाट पर भारत का नक्शा बना व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।
06:15 बजे: विभिन्न घाटों पर प्रात:कालीन अर्घ्य शुरू हो चुका है। घाटों पर छठ गीतों की गूंज सुनाई दे रही है।
06:10 बजे: छठ को लेकर चरम पर उत्साह। हर जगह गूंज रहे छठ के पारंपरिक गीत। मुजफ्फरपुर के आरडीएस कालेज घाट सहित जगह-जगह पारंपरिक वाद्यों का भी वादन।
06:00 बजे: मधुबनी के कमला घाट से लेकर जमुई के हनुमान घाट तक हर जगह जले दीप। हर जगह व्रत काे लेकर श्रद्धा व उत्साह।
05:45 बजे: छठ घाटों की ओर मुड़े सभी रास्ते। सड़काें पर दिख रहा जन-सैलाब। ट्रैफिक नियंत्रण व सुरक्षा व्यवस्था को ले जगह-जगह पुलिस तैनात।
05:30 बजे: बांका के मंदार स्थित पापहरणी तालाब पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
05:00 बजे: पटना के विभिन्न घाटों पर सूर्योदय का इंतजार कर रहे व्रती। मोतिहारी के बेलीसराय घाट से लेकर भागलपुर के बूढ़ानाथ घाट तक सभी जगह श्रद्धालुओं का तांता।
04:30 बजे: सुबह के अर्घ्य के लिए व्रतियों व स्वजनों का घाटों पर आना आरंभ। कुछ व्रतियों ने सायंकालीन अर्घ्य के बाद घाटों पर ही गुजारी रात।
04:00 बजे: शनिवार शाम सायंकालीन अर्घ्य के बाद आज प्रात:कालीन अर्घ्य कुछ देर बाद। उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य।
घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम
प्रात:कालीन अर्घ्य के लिए छठ व्रतियों की जुटान विभिन्न नदी-तालाबों किनारे बनाए गए घाटों पर शुरू हो चुकी है। घाटों पर प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैैं। असुरक्षित और खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है, साथ ही गोताखोरों की भी तैनाती की गई है।
सड़कों से घाटों तक की सफाई, भव्य सजावट
पूजा समितियों ने घाटों को भव्य तरीकेे सजाया है। पटना सहित राज्य के हर इलाके में सड़कों से लेकर घाटों तक सफाई की गई है। बदलती जीवन शैली में अब श्रद्धालु घरों में भी कैंपस में या छत पर छठ व्रत करने लगे हैं। इसके लिए छोटे-छोटे अस्थाई तालाब बनाए गए हैं।