Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कार सवार तीन लोगों की मौत, दो घायल

एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कार सवार तीन लोगों की मौत, दो घायल
X

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार को भीषण हादसा हो गया। इसमें कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। दो लोग घायल हैं। घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

हादसा आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर 32वें माइलस्टोन के पास हुआ। आगरा से लखनऊ की ओर से जा रही मारूति कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

कार में तीन महिलाएं, दो पुरुष, एक बच्चा और एक पालतू कुत्ता सवार थे। इनमें एक महिला सहित आगे की सीट पर बैठे दोनों पुरुषों की मौत हो गई है, जबकि दो महिलाओं की हालत गंभीर है। बच्चा और पालतू कुत्ते को मामूली चोट आई हैं।

हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर फतेहाबाद पुलिस और यूपीडा के कर्मचारी पहुंच गए। घायलों को एंबुलेंस से एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लाया गया। वहीं तीनों शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस कार सवार लोगों की पहचान के प्रयास में जुटी है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग इटावा के रहने वाले बताए गए हैं। आगरा से अपने घर जा रहे थे। वहीं हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है।

Next Story
Share it