दुकान पर बैठी महिला को युवक ने मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ाया

लखीमपुर, । जिले में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने गुमटी पर बैठी महिला को अचानक गोली मार दी। इसके बाद जब तक कोई कुछ भी समझ पाता तब तक उसने खुद के सीने में भी गोली मार ली। देखते ही देखते दोनों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। महिला युवक के साथ सात साल से रह रही थी।
यह है मामला
मामला सदर कोतवाली इलाके के राज लक्ष्मण इनक्लेव कालोनी का है। यहां गुरुवार करीब 11:30 बजे सड़क किनारे अपने परचून के खोखे पर संगीता नाम की महिला बैठी थी। तभी एक सामने से सतीश नाम का युवक आया और संगीता को 315 बोर के तमंचे से पेट में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। इससे पहले कोई कुछ कर पाता सतीश ने उसी तमंचे से अपने भी सीने में गोली मार ली। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सहम गया बच्चा
घटना के वक्त संगीता का 11 वर्षीय पुत्र अभि भी खोखे पर बैठा था। मां को गोली लगने और पूरे घटनाक्रम से अभि बुरी तरह से सहम गया और बदहवास है।
पति के छोड़ने के बाद सतीश के साथ रह रही थी महिला
इस घटना के बाद शहर कोतवाल सीओ सिटी व अपर पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल का कहना है कि मृतका संगीता के पति ने उसको छोड़ दिया था और वह करीब 7 वर्षों से सतीश नामक युवक के साथ रह रही थी। गुरुवार को किन कारणों के चलते यह घटना हुई है। इसका पता लगाया जा रहा है।