प्रियंका वाड्रा पहुंचीं लखनऊ, गांधी जयंती पर योगी सरकार के खिलाफ निकलेगा मौन जुलूस

लखनऊ, । चिन्मयानंद प्रकरण को लेकर योगी सरकार से दो-दो हाथ करने के लिए राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा राजधानी लखनऊ पहुंच गई हैं। कांग्रेसियों को शाहजहांपुर से पदयात्रा पुलिस-प्रशासन ने नहीं निकालने दी थी। अब गांधी जयंती पर बुधवार को कांग्रेस राजधानी में ताकत दिखाने की तैयारी में है। प्रदेशभर से जुट रहे कार्यकर्ताओं का नेतृत्व खुद राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा करेंगी और सरकार के खिलाफ मौन पदयात्रा निकाली जाएगी।
सोनभद्र और उन्नाव की तरह ही शाहजहांपुर कांड पर भी कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पहले शाहजहांपुर से लखनऊ तक पदयात्रा निकालने का प्रयास किया, जिसे पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। मंगलवार को हर जिले में धरना प्रदर्शन की घोषणा की गई, लेकिन अचानक आंदोलन की रूपरेखा बदल दी गई। गांधी जयंती पर पहले से जो पदयात्रा प्रस्तावित थी, उसे जनाक्रोश यात्रा नाम दे दिया गया। विधानमंडल दल की उपनेता आराधना मिश्रा ने बताया कि प्रियंका बुधवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद शहीद स्मारक पहुंचेंगी। 12 बजे वह प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं के साथ यहां से मौन पदयात्रा शुरू कर लगभग 1.30 बजे जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी।
दो दिवसीय हो सकता है प्रियंका का प्रवास
पदयात्रा के बाद प्रियंका 1.40 बजे प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगी। यहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगे के आंदोलन की रणनीति पर चर्चा कर सकती हैं। उसके बाद का कार्यक्रम अभी तय नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि प्रियंका लखनऊ में दो दिन का प्रवास कर सकती हैं। वह यहां या रायबरेली में रात्रि विश्राम कर गुरुवार को शाहजहांपुर जा सकती हैं।