बेलगाम कानून व्यवस्था एवं महंगाई के खिलाफ अकबर पुर रनियां में नीरज सिंह गौर ने हल्ला बोला

कानपुर देहात : अकबर पुर रनियां विधानसभा में भाजपा सरकार के जनविरोधी नीतियों एवं प्रदेश में बढ़ रही महंगाई ,बेरोजगारी, हत्या ,बलात्कार ,शोषण, किसानों ,गरीबो पर उत्पीड़न व् महिलाओ और युवाओ पर अत्याचार के खिलाफ विशाल धरना
पूरे उत्तर प्रदेश में ध्वस्त एवं बेलगाम कानून व्यवस्था एवं जन उपयोगी वस्तुओं पर बढ़ते हुए कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश के यशस्वी पूर्व मुख्यमंत्री मा० श्री अखिलेश यादव के आह्वान पर सपा द्वारा आयोजित प्रदेशव्यापी तहसील स्तरीय धरने में केन्द्र व प्रदेश सरकार की कुनीतियों की निन्दा की गई।
धरने को संबोधित करते हुए सदस्य जिला पंचायत,पूर्व प्रत्याशी अकबरपुर रनियां नीरज सिंह गौर ने कहा कि जिस प्रकार से उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार का सबका विकास, सबका साथ और सबका विश्वास का नारा खोखला साबित हो गया है। लोकसभा चुनाव तक जनता को गुमराह किया जाता रहा परंतु चुनाव के बाद ही पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और बिजली के दरों में बेतहाशा वृद्धि, यातायात नियमों के नाम पर जुर्माना में कमरतोड़ वृद्धि, खाद्यान्न वस्तुओं के मूल्यों में वृद्धि, किसानों को खाद बीज की किल्लत, अपराधों में बेतहाशा वृद्धि आदि से जनता त्रस्त हो गई है, आमजनमानस को न्याय दिलाने के लिए हम समाजवादी आज प्रदेश व्यापी धरना दे रहें हैं। औद्योगिक समिट के नाम पर बेरोजगार नौजवानों को रोजगार देने का झूठा वादा कर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। भाजपा सरकार केवल राजनीतिक एजेंडा साधने एवं विकास के नाम पर झूठा प्रचार करने में व्यस्त है ।