Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

भाजपा वाले बात घुमाने में माहिर, गूगल को भी घुमा देते हैं : अखिलेश

भाजपा वाले बात घुमाने में माहिर, गूगल को भी घुमा देते हैं : अखिलेश
X

लखनऊ । लोकसभा चुनाव 2019 में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ बनने वाले महागठबंधन के मुख्य सूत्रधार समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज भाजपा पर जमकर हमला बोला है। समाजवादी पार्टी कार्यालय में यशस्वी भव कार्यक्रम में यूपी बोर्ड के 19 मेधावियों को लैपटॉप वितरण के बाद अखिलेश यादव ने भाजपा की हर योजना को नाटक बताया।

अखिलेश यादव ने बताया कि आज मेधवियों का सम्मान मैं सरकार को उनका काम याद दिलाने के लिए कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र के साथ ही योगी आदित्यनाथ सरकार सिर्फ हवाई किला बनाने में मस्त है। उन्होंने अपने वादों को पूरा नही किया है। उन्होंने कहा कि जब हम अपनी सरकार में लैपटॉप बांट रहे थे तो भाजपा के लोग इसको झुनझुना बता रहे थे। इसके बाद अपने घोषणा पत्र में इसको रखा। अब तो यह लोग मेधावियों का भी सम्मान करने से कतरा रहे हैं। आज हम उत्तर प्रदेश के टॉपर्स को हम लैपटॉप दे रहे हैं और प्रदेश सरकार को याद दिला रहे है कि उन्होंने अपना वादा पूरा नही किया। उन्होंने कहा कि आज भले ही हम यहां कम बच्चों को लैपटॉप दे पाए हैं, लेकिन आने वाले समय में हम अपनी सरकार में संख्या बढ़ा देंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि हमने रायबरेली में एम्स के लिए मुफ्त जमीन दी थी, आज मेरे लिए बेहद खुशी का दिन है कि वहां पर चिकित्सा सेवा का काम शुरू हो गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर में भी समाजवादी सरकार ने जमीन दी थी पर वहां पर एम्स के काम का अभी तक कुछ पता हीं नहीं है। भाजपा सरकार को खतरा है कि हमारे हर काम को वह कब तक अपना कहते रहेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार आज मुद्दों से हट रही है। अब तो यह लोग पुरानी बातों पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। इनको तो अपना कोई भी वादा अब याद नहीं है। नोट बंदी पर भाजपा अब चुप है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वाले तो ऐसे लोग है जो गूगल को भी घुमा देते है। आने वाले लोकसभा चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब भाजपा 73 प्लस की बात करती है। उनको अपनी गिनती सही करनी चाहिये तीन तो भाजपा पहले ही हार चुकी है। भाजपा उत्तर प्रदेश को लेकर चाहे जो दावा करती रहे पर जनता ने उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया करने का लक्ष्य तय कर लिया है।

समाजवादी पार्टी कार्यालय में आज आयोजित यशस्वी भव कार्यक्रम में सपा विधायक दल के नेता राम गोविंद चौधरी, पूर्व मंत्री अहमद हसन के साथ सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम भी मौजूद थे।

भाजपा ने केंद्र में चार वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में करीब डेढ़ वर्ष तक शासन कर लिया है। इसके बाद भी इस पार्टी ने जनहित में कोई ऐसा काम नहीं किया जिसका उल्लेख किया जा सके। किसान तबाह है उसका न तो कर्ज माफ हुआ और नहीं उसको एमएसपी (समर्थन मूल्य) का लाभ मिलेगा। परेशान किसान आत्महत्या के लिए मजबूर है। दर-दर भटक रहें नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। न तो उन्हें नौकरी मिल रही है और नहीं उनके भविष्य की कोई योजना सामने आ रही है। जीएसटी-नोटबंदी के बाद व्यापार चैपट है और कर्मचारियों की विभिन्न उद्योगों में छंटनी की जा रही है। मंहगाई रूक नहीं रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता की समस्याओं के निदान पर सोचने के बजाय भाजपा नेतृत्व बस मुद्दों को भटकाने की ही कवायद करता रहता है। मेरठ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सिर्फ विपक्ष को कोसने और सामाजिक नफरत की राजनीति को धार देने की ही कोशिश की गई। गरीबों, पीडि़तों, वंचितों व समाज के कमजोर वर्गों के लिए उसमें कोई संदेश नहीं। भाजपा का गरीब, किसान व कमजोर वर्ग के लोगों के साथ कभी कोई रिश्ता नहीं रहा है। लोक लुभावन घोषणाओं के साथ हिटलर के प्रचार मंत्री गोएबल्स की राह पर चलते हुए एक झूठ को सौ बार दुहराने की कला में पारंगत भाजपा नेतृत्व अब चाहे जितने जतन कर ले। यूपी में रैली, मंथन और विश्राम की परम्परा अपना ले, 2019 के चुनावों में जनता किसी भी तरह उनको समर्थन देने से रही। अब अच्छे दिनों का धोखा भी सबके सामने होगा।

Next Story
Share it