Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलने का विरोध कर रहे सपाइयों पर लाठीचार्ज

मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलने का विरोध कर रहे सपाइयों पर लाठीचार्ज
X

मुगलसराय जंक्शन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय किए जाने के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को नगर स्थित कार्यालय के समीप जीटी रोड पर जमकर नारेबाजी की। वहीं सीएम के कार्यक्रम का विरोध करने को रेलवे स्टेशन की तरफ जाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पुलिस से कार्यकर्ताओ की नोकझोक हुई। अंत में कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने को पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। वहीं आंसू गैस के गोले दागकर किसी तरह सपाइयों को नियंत्रित किया। लाठीचार्ज में पांच कार्यकर्ताओं को चोट आई।

कार्यकर्ता रविवार को कार्यालय पर छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की जयंती मनाने को इकट्ठा हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कार्यकर्ता जीटी रोड पर आ गए। इसके बाद जंक्शन का नाम बदल जाने के विरोध में नारेबाजी करने लगे। वहीं सीएम के कार्यक्रम का विरोध करने को आगे बढने लगे। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस कर्मियों को धक्का देकर कार्यकर्ता आगे बढ़ गए। इस पर पुलिस और पीएसी के जवानों ने लाठीचार्ज कर दिया। वहीं आंसू गैस के गोले दागकर खदेड़ दिया

इससे नाराज सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव, पूर्व सांसद रामकिशुन व पूर्व विधायक मनोज सिंह डबलू के नेतृत्व में सपाई रोड पर धरने पर बैठ गए। सीओ सदर प्रदीप चंदेल ने समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ। सपाइयों ने लालबहादुर शास्त्री जन्मस्थली पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वहीं सरकार के गलत फैसले के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। सपाइयों को गिरफ्तार करने के लिए पार्टी कार्यालय पर फोर्स डटी हुई हैं।

Next Story
Share it